Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 नागपुर-रायपुर हादवे पर हादसा, पोला उत्सव में शामिल होने जा रहे थे
0 मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुख जताया
भंडारा/कवर्धा/राजनांदगांव/रायपुर/। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर नेशनल हाइवे पर शुक्रवार को ट्रक और बोलेरो की टक्कर में छत्तीसगढ़ के 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 6 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं। हादसे में 11 लोग घायल हैं। घायलों को भंडारा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ के 19 लोग बोलेरो से पोला उत्सव में शामिल होने के लिए रायपुर से नेशनल हाइवे-53 के रास्ते नागपुर जा रहे थे। इसी दौरान मानेगांव-पिंपलगांव रोड पर शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे बोलेरो और ट्रक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह डैमेज हो गया। ट्रक में फंसे बोलेरो को निकालने के लिए दो जेसीबी की मदद लेनी पड़ी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया। हादसा इतना भयानक था कि इसमें  8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में 3 छोटे बच्चे भी शामिल हैं। मृतक सहसपुर लोहारा और रायपुर के रहने वाले थे। 

दो मृतकों की पहचान नहीं हुई
पुलिस के अनुसार, हादसे में मारे गए लोगों में जंबाई रामावतार वर्मा, मीनाक्षी राजकुमार वर्मा (26 वर्ष), गणेशिया अरावत पटेल (22 वर्ष), सरिता विजय वर्मा (30 वर्ष) व कुमारी ग्रेसा (2 वर्ष) की पहचान हुई है। दो मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। वहीं घायलों में 4 लोग बांधाटोला व 1 विचारपुर के रहने वाले हैं। मृतकों में छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के लोग भी शामिल हैं।

कबीरधाम जिले के 6 लोगों की मौत
ग्राम विचारपुर के सरपंच लक्ष्मीकांत वर्मा ने बताया कि सहसपुर लोहारा ब्लॉक के ग्राम विचारपुर के 3 लोगों की हादसे में मौत हुई है। इनमें 2 महिलाएं और 1 बच्ची शामिल हैं। इसके अलावा बांधा टोला, खैरझीटी और बेजा बैरागी गांव के एक-एक व्यक्ति की भी मौत हुई है। इस तरह कबीरधाम जिले से कुल 6 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। वहीं, जिले के 3 बच्चों के गंभीर रूप से घायल होने की भी सूचना है।

11 लोग घायल
हादसे में घायल लोगों में गुलशन रमेश वर्मा, रमैया पटेल (30), दरिया पटेल (7), सुभाष विजय वर्मा (5), रितेश विजय वर्मा (3) और मेधा राजकुमार वर्मा (3) शामिल हैं। इनमें बांधटोला और लोहारा, कबीरधाम के रहने वाले लोग शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज भंडारा जिला अस्पताल में चल रहा है।

बोलेरो ड्राइवर फरार
हादसे की सूचना मिलते ही गाडेगांव स्थित राजमार्ग पुलिस सहायता केंद्र की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को तुरंत जिला सामान्य अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद पिकअप वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चालक की तलाश की जा रही है।

सीएम साय ने की 5-5 लाख रुपए आर्थिक सहायता की घोषणा
रायपुर। विष्णुदेव साय ने महाराष्ट्र के भंडारा जिले में हुए सड़क हादसे पर दुख जताया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकसंतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 5-5 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार एवं स्थानीय प्रशासन से निरंतर समन्वय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए छत्तीसगढ़ से अधिकारियों की एक टीम घटनास्थल के लिए भेज दी गई है। छत्तीसगढ़ सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।

tranding
tranding