0 कहा- कलिनिनग्राद पर हमला किया तो सारे हथियार तैयार
मॉस्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने नाटो देशों को चेतावनी दी है कि अगर रूस के इलाके कलिनिनग्राद पर हमला हुआ, तो रूस अपने सभी हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है। इसमें परमाणु हथियार भी शामिल हैं। पुतिन ने गुरुवार को मॉस्को में वल्दाई फोरम के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि रूस यूरोप के किसी देश पर हमला करने की योजना नहीं बना रहा, लेकिन अपनी जमीन की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा।
कलिनिनग्राद के चारों तरफ नाटो देशों का घेरा
कलिनिनग्राद रूस का एक अलग इलाका है। यह रूस के मुख्य हिस्से से जुड़ा नहीं है। यह रूस की सीमा से 300 किमी दूर यूरोप में पोलैंड और लिथुआनिया के बीच स्थित है। इन दोनों देशों के साथ-साथ आसपास के कई देश नाटो के सदस्य हैं। इस वजह से रूस के लिए कलिनिनग्राद की सुरक्षा एक बड़ी चुनौती है। रूस के बाकी हिस्से से सीधे जमीन के रास्ते यहां पहुंचने के लिए दूसरे देशों के इलाके से गुजरना पड़ता है। हालांकि, बाल्टिक सागर के रास्ते यहां पहुंचा जा सकता है। दूसरे विश्व युद्ध से पहले इस इलाके को कोनिग्सबर्ग कहा जाता था और यह जर्मनी का हिस्सा था। युद्ध के बाद 1945 में यह सोवियत संघ के नियंत्रण में आ गया। सोवियत संघ टूटने के बाद 1991 में यह रूस का हिस्सा बना रहा।आज रूस ने इस इलाके को अपने अहम सैन्य ठिकानों में बदल दिया है। यहां से वह बाल्टिक सागर और नाटो के सदस्य देशों के आसपास अपनी सैन्य मौजूदगी बनाए रख सकता है।
पुतिन बोले- पश्चिमी देश रूस के साथ युद्ध की तैयारी कर रहे
राष्ट्रपति पुतिन ने पश्चिमी देशों और यूरोप पर तनाव बढ़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पश्चिमी देश आने वाले वर्षों में रूस के साथ युद्ध की तैयारी की बात कर रहे हैं। उन्होंने बाल्टिक सागर में सैन्य अभ्यास और रूसी जहाजों को जब्त करने का भी जिक्र किया।उनका बयान मॉस्को की उस चेतावनी के बाद आया, जिसमें नाटो से कहा गया था कि कलिनिनग्राद की रक्षा के लिए रूस परमाणु हथियार इस्तेमाल करने से पीछे नहीं हटेगा।