0 आरोप- भारतीय नागरिक नहीं, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल हुए थे
मुंबई। एक्टर इमरान खान को मुंबई पुलिस ने नोटिस जारी कर 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का निर्देश दिया है। इमरान 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए थे।
इसके बाद मुंबई पुलिस ने इमरान खान को हिरासत में भी लिया था। वे 22-23 जुलाई को नीट पेपर लीक के विरोध में हुए कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में भी शामिल हुए थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमरान भारतीय नहीं, अमेरिकी नागरिक हैं और विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे। इस मामले में उनके खिलाफ इमिग्रेशन एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
इमरान खान का जन्म अमेरिका में हुआ था
इमरान का जन्म अमेरिका के विस्कॉन्सिन में हुआ था। जन्म से ही उनके पास अमेरिका की नागरिकता और अमेरिकी पासपोर्ट है। वे कानूनी रूप से भारत के नागरिक नहीं हैं। भारत में रहने और काम करने के लिए वे ओवरसीज सिटीजनशिप ऑफ इंडिया (ओसीआई) कार्ड का इस्तेमाल करते हैं। भारत में विदेशी नागरिकों के प्रवेश, रहने और गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट, 2025 लागू है। इसके तहत सरकार विदेशी नागरिकों के भारत में रहने और उनकी गतिविधियों पर शर्तें लगा सकती है। यदि कोई विदेशी नागरिक लागू नियमों या वीजा की शर्तों का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
प्रोटेस्ट के दौरान एक्टर को डिटेन किया था
10 अक्टूबर को एसआईआर के विरोध और सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन के दौरान इमरान को हिरासत में लिया गया था। उन्होंने पुलिस वैन के अंदर से अपनी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर कर लिखा था कि लगता है मैं ड्राइव पर जा रहा हूं'। वैन के अंदर से सामने आए एक वीडियो में जब उनकी कजिन जैन ने उनसे पूछा कि क्या वे कभी जेल गए हैं, तो इमरान ने कहा कि अभी जो हालात हैं, उसे देखकर इसके चांस लग रहे हैं। मीडिया से बातचीत में इमरान ने कहा कि उन्हें बिना वजह सड़क से उठाकर वैन में बैठा दिया गया था।