Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा है कि उनकी मां सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव' में 500 से अधिक पृष्ठ होने के बावजूद इसमें कई बातें छूट गई हैं। श्री गांधी ने मंगलवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि उनका (राहुल गांधी) सातवां जन्मदिन भी योजना के अनुसार नहीं मनाया जा सका। उन्होंने कहा कि श्रीमती गांधी की प्रधानमंत्री बनने के 2004 में लिए गए फैसले से कुछ लोगों को राहत मिली, जबकि कुछ अन्य को खुशी हुई। 
उन्होंने अपने पिता राजीव गांधी की सुरक्षा से जुड़े एक मुद्दे को भी उठाया और कहा कि उनके पिता की सुरक्षा वापस लेने के पीछे भी एक मंशा थी। राहुल गांधी ने बताया कि उन्होंने और उनकी बहन प्रियंका गांधी ने अपनी मां के साथ बैठकर इन सभी घटनाओं पर चर्चा करते हुए पुरानी यादों पर बातचीत की थी। पुरानी यादें ताजा करते समय उस वक्त की खुशी, हंसी और दर्द फिर महसूस हुआ। राहुल ने कहा कि उनकी मां की जीवन-यात्रा में अपार प्रेम और बेहद दुखद घटनाएं रही हैं तथा उन्होंने इन सभी परिस्थितियों का सामना गरिमा और साहस के साथ किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस बातचीत का वीडियो भी साझा किया है।

राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी, ताकि उनकी हत्या हो सकेः राहुल 
राहुल गांधी ने दावा किया है कि उनके पिता राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी। ऐसा इसलिए किया गया, ताकि उनकी हत्या हो सके। राहुल ने एक वीडियो में मां सोनिया और बहन प्रियंका के साथ यह बात कही। राहुल ने बताया कि उन्होंने अपनी मां सोनिया से कहा था कि अगर सुरक्षा बहाल नहीं की गई, तो उन्हें जल्द ही पिता के अंतिम संस्कार में लौटना पड़ सकता है। राजीव की 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में आत्मघाती हमले में हत्या कर दी गई थी।

सोनिया बोलीं- बिहार दौरे के बाद राहुल ने जताई थी आशंका
सोनिया ने वीडियो में बताया कि राहुल अपने पिता के साथ बिहार दौरे पर गए थे। उन्होंने इस दौरे को बहुत डरावना बताया। उस समय राजीव विपक्ष के नेता थे। वे खुले जीप में यात्रा कर रहे थे। लोगों ने उन पर पत्थर फेंके थे। सोनिया ने कहा कि अगर सुरक्षा ठीक नहीं हो और किसी राज्य में BJP या विपक्ष की सरकार हो, तो वहां सुरक्षा पर खास ध्यान नहीं दिया जाता। इस दौरे से घर लौटकर राहुल ने मुझसे कहा, 'मां, अगर हमने पापा की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया, तो मुझे पता है कि मैं बहुत जल्द उनके अंतिम संस्कार में शामिल होऊंगा। राहुल ने बातचीत में बिहार दौरे को आखिरी चेतावनी बताया था। उन्होंने कहा कि वह इससे पहले भी सुरक्षा को लेकर अपनी बात साफ कर चुके थे।