रायपुर। नवा रायपुर के शहीद वीरनारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच 16 अक्टूबर से तीन मैचों की टी-20 सीरीज शुरू होगी। सीरीज का दूसरा मुकाबला 18 अक्टूबर और तीसरा मैच 20 अक्टूबर को खेला जाएगा। सभी मैच शाम 7 बजे से शुरू होंगे। स्टेडियम में महिलाओं के लिए एंट्री फ्री रहेगी।
मैच के संबंध में भारतीय टीम की नई कप्तान स्मृति मंधाना ने कहा कि अगले तीन महीने में टीम के नए स्टैंडर्ड तय करना ज्यादा जरूरी है। कप्तानी के दबाव में उनकी बल्लेबाजी का अंदाज नहीं बदलेगा। स्मृति मंधाना ने कहा कि वह पहले की तरह अपने शॉट खेलेंगी और टीम के लिए रन बनाने पर ध्यान देंगी। रायपुर की पिच को बल्लेबाजी के अनुकूल बताते हुए स्मृति ने कहा कि शाम के समय यहां ओस जल्दी और ज्यादा पड़ती है। इससे गेंदबाजों के लिए गेंद पर नियंत्रण रखना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। ऐसे में टीम कॉम्बिनेशन तय करते समय ओस के असर को भी ध्यान में रखा जाएगा, ताकि गेंदबाज इन परिस्थितियों में भी अच्छा प्रदर्शन कर सकें।