Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 सपा 26 पर तैयार, इमरान मसूद बोले-भीख नहीं मांग रहे
लखनऊ। यूपी में सपा-कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग में पेंच फंसता दिख रहा है। अखिलेश कांग्रेस को यूपी की 403 विधानसभा सीटों में से सिर्फ 26 सीटें देना चाहते हैं। वहीं, कांग्रेस 125 सीटों की मांग पर अड़ी है।

मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर दोनों दलों के नेताओं की करीब सवा 3 घंटे बैठक हुई। इससे पहले सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने कड़े तेवर में कहा- मैंने कांग्रेस को 26 सीटें बता दी हैं, जहां से वह अपने उम्मीदवार उतार सकती है। सपा सांसद राजीव राय ने भी यही बात दोहराई।

वहीं, सपा के ऑफर पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने आपत्ति जताई। कहा- हम किसी से भीख नहीं मांग रहे। यह गठबंधन के लिहाज से ठीक नहीं है। कांग्रेस आज बहुत मजबूत है। 2022 वाली कांग्रेस नहीं रह गई है।

हालांकि, अखिलेश का रुख थोड़ा नरम नजर आया। लखनऊ में उन्होंने कहा- गठबंधन का मकसद चुनाव जीतना है। सपा अपने सहयोगी दलों के लिए सीटें छोड़ने और तालमेल बैठाने को तैयार है। क्योंकि यह बड़ी लड़ाई है और हमारा साझा लक्ष्य जीतना है।

फिलहाल, दोनों दलों के बीच दूसरे दौर की बैठक खत्म हो गई है। दोपहर 12:15 बजे से 3:30 बजे तक करीब 3 घंटे 15 मिनट सीट शेयरिंग पर चर्चा हुई। बैठक के बाद कांग्रेस और सपा नेताओं के रुख सकारात्मक नजर आए। रामगोपाल और राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि अगले दो दिनों में गठबंधन पर मुहर लग जाएगी।

26 सीटों में पिछली बार 10 सीटें सपा ने सहयोगी दलों को दी थी
सपा की ओर से कांग्रेस को जो 26 सीटों की सूची सौंपी गई है, उसमें 10 ऐसी हैं, जहां पिछली बार उसने सहयोगी दलों को लड़ाया था। इसमें 9 सीटों पर सपा से समझौते के बाद रालोद ने चुनाव लड़ा था। वहीं वाराणसी जिले की पिंडरा सीट सपा ने अपना दल (कमेरावादी) को दी थी।