रायपुर/धमतरी/भिलाई। शराब घोटाले की जांच में ईडी शुक्रवार को रायपुर, भिलाई और धमतरी में एक साथ छापेमारी की है। एजेंसी ने रायपुर में जेल विभाग के वित्त सहायक राजेंद्र सिंह के ठिकानों पर दबिश दी है। वहीं आबकारी विभाग के पूर्व डिप्टी कमिश्नर के धमतरी स्थित निवास पर भी ईडी ने दबिश दी।
जानकारी के मुताबिक ईडी की टीम शुक्रवार सुबह डिप्टी कमिश्नर नवीन सिंह तोमर के धमतरी स्थित निवास पहुंची। तोमर की पत्नी अपर कलेक्टर के पद पर पदस्थ हैं। नवीन सिंह तोमर के खिलाफ की प्रकरण दर्ज है। वहीं रायपुर के पुरैना निवासी राजेंद्र सिंह और भिलाई के नेहरूनगर निवासी एक कारोबारी के यहां भी ईडी ने दबिश दी।
इस कार्रवाई के पीछे दिल्ली में हुई जांच से मिले कुछ अहम दस्तावेजों को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक ईडी ने करीब 60 करोड़ रुपए के हवाला लेनदेन से संबंधित लेजर और दस्तावेज मिलने का दावा किया है।