Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding


मुंबई। शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे के तेवर अभी भी नरम नहीं हुए हैं। 37 से अधिक पार्टी विधायकों के समर्थन मिलने का दावा कर वे दलबदल विरोधी कानून को भी चुनौती देने के लिए तैयार हैं। इन सब के बीच  बुधवार देर रात जहां शिवसेना के चार और बागी विधायक गुवाहाटी पहुंचे तो वहीं आज सुबह भी तीन और विधायक गुवाहाटी पहुंच गए। इससे पहले बुधवार शाम को ही मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने लोगों को संबोधित किया और देर रात सरकारी आवास छोड़कर मातोश्री पहुंच गए। 

विधायकों को बंगाल भेजें, हम उनका अच्छा आतिथ्य करेंगे: ममता
बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने भी महाराष्ट्र संकट के बीच भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि असम में बाढ़ के बीच प्रभावित लोगों को परेशान करने के लिए महाराष्ट्र के विधायकों को उस राज्य में क्यों भेजा जा रहा है? बीजेपी अनैतिक तरीके से महाराष्ट्र सरकार गिराने की कोशिश कर रही है। महाराष्ट्र के विधायकों को बंगाल भेजें, हम उनका अच्छा आतिथ्य करेंगे।

खड़गे बोले- राष्ट्रपति चुनाव के लिए भी ऐसा हो रहा
मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी भाजपा पर धावा बोला। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में अपनी सरकार बनाने के लिए एक स्थिर सरकार को अस्थिर करने के लिए भाजपा और केंद्र पूरी तरह से जिम्मेदार हैं। वे राष्ट्रपति चुनाव के लिए भी ऐसा कर रहे हैं। मैं कहना चाहता हूं कि हम सभी (कांग्रेस, एनसीपी, शिवसेना) महा विकास अघाड़ी को मजबूत करेंगे।

उन्होंने कहा कि मेरी पार्टी महा विकास अघाड़ी के साथ खड़ी रहेगी और हम साथ काम करना चाहते हैं। वर्तमान महाराष्ट्र सरकार राज्य में विकास कार्य कर रही है। बीजेपी महाराष्ट्र सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने पहले भी कर्नाटक, एमपी, गोवा में ऐसा ही किया था।

कांग्रेस ने भाजपा को घेरा
कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने कहा कि असम और पूर्वांचल में जहां बाढ़ की स्थिति खराब है और बिगड़ भी सकती है। लोगों के पास पानी की कमी है। मैं केंद्र सरकार से पूछना चाहता हूं कि आज आपने ये लोग क्यों भेजे हैं, किसने आपको ये सलाह दी। पूर्वांचल के साथ बहुत ही सौतेला व्यवहार हो रहा है। उन्होंने कहा कि इतिहास में कभी बाढ़ के समय अपनी राजनीतिक रोटी सेकने के लिए असम की सराकर पर इस प्रकार का दवाब नहीं बनाया गया है, इसका हम विरोध करते हैं।

जयंत पाटिल का बड़ा बयान
NCP नेता जयंत पाटिल ने ट्वीट किया, "महाराष्ट्र विकास अघाड़ी महाराष्ट्र के विकास और कल्याण के लिए स्थापित सरकार है। हम अंत तक उद्धवजी ठाकरे के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।"

शिवसेना जिससे चाहे गठबंधन करे: पटोले
महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने कहा कि हम भाजपा को सत्ता में आने से रोकने के लिए उनके साथ हैं। ये खेल ईडी की वजह से हो रहा है। कांग्रेस फ्लोर टेस्ट के लिए तैयार है। हम एमवीए के साथ हैं और रहेंगे। अगर शिवसेना किसी के साथ गठबंधन करना चाहते हैं, तो हमें कोई समस्या नहीं है।

नितिन देशमुख को शिंदे खेमे का जवाब
शिवसेना विधायक नितिन देशमुख के आरोपों के बाद कि उन्हें जबरन सूरत ले जाया गया। बागी नेता एकनाथ शिंदे खेमे ने अन्य बागी विधायकों के साथ नितिन देशमुख की पहले की तस्वीरें जारी कीं।

राज्य के हित में फैसला करेंगे फडणवीस: सावंत
महाराष्ट्र में राजनीतिक स्थिति पर गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि हमारे महाराष्ट्र के नेता देवेंद्र फडणवीस और हमारे सभी केंद्रीय नेता इस पर नजर रखे हुए हैं। वह राज्य के हित में निर्णय लेने में सक्षम हैं।

विधायक मुंबई आकर बात करें तब गठबंधन तोड़ने पर विचार करेंगे: राउत 
शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि विधायकों को गुवाहाटी से संवाद नहीं करना चाहिए, वे वापस मुंबई आएं और सीएम से इस सब पर चर्चा करें। हम सभी विधायकों की इच्छा होने पर महाविकास अघाड़ी सरकार से बाहर निकलने पर विचार करने के लिए तैयार हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें यहां आकर सीएम से चर्चा करनी होगी। 

प्रेसवार्ता कर शिंदे पर विधायकों को अगवा करने का लगाया आरोप
उद्धव ठाकरे को समर्थन देने वाले विधायकों ने प्रेस वार्ता कर एकनाथ शिंदे पर गंभीर आरोप लगाए। इस बैठक में मौजूद शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि हमारे विधायकों को अगवा किया गया। राउत ने कहा कि 21 विधायक हमारे संपर्क में हैं और वे मुंबई लौटना चाहते हैं। राउत ने कहा कि कैलाश पाटिल और देशमुख सूरत से लौटे हैं।