Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 बीजापुर-सुकमा बॉर्डर पर हमला, 6 माह में 7 की शहादत

सुकमा/बीजापुर। सुकमा और बीजापुर जिले की सीमा पर रविवार को नक्सलियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। सिलगेर और टेकलगुड़म के बीच नक्सलियों ने सीआरपीएफ जवानों के ट्रक को आईईडी ब्लास्ट कर उड़ा दिया। इस ब्लास्ट में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की कोबरा बटालियन के दो जवान शहीद हो गए।

जानकारी के मुताबिक जगरगुंडा क्षेत्र स्थित सिलगेर कैंप से 201 कोबरा वाहिनी के जवानों का मूवमेंट आरओपी (रोड ओपनिंग ड्यूटी) के दौरान ट्रक और बाइक से टेकलगुड़म की ओर था। वहां रास्ते में नक्सलियों ने आईईडी प्लांट कर रखा था। बताया जा रहा है कि रविवार को दोपहर करीब 3 बजे जैसे ही जवानों से भरा ट्रक वहां से निकला, आईईडी की चपेट में आ गया। दोनों के जवानों के शव सुरक्षित निकाल लिए हैं।

ब्लास्ट के चलते ट्रक का चालक जवान विष्णु आर और सह चालक जवान शैलेंद्र शहीद हो गए। बाकी जवान सुरक्षित बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये जवान राशन लेकर कैंप जा रहे थे। टेकलगुड़म और इससे आगे का पूवर्ती इलाका नक्सली कमांडर हिड़मा और देवा का गढ़ है। कुछ ही महीने पहले यहां सुरक्षाबलों का कैंप स्थापित किया गया है।

जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगीः सीएम साय
सुकमा जिले के टेकलगुड़ेम में हुए नक्सली हमले में 2 जवानों की शहादत पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि, नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी ब्लास्ट में 2 कोबरा जवानों के निधन की दुःखद खबर आ रही है। ईश्वर से दिवंगत जवानों की आत्मा की शांति और परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। सीएम साय ने कहा कि बस्तर में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान से नक्सली हताश हैं और विचलित होकर ऐसी कायराना हरकतों को अंजाम दे रहे हैं। जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी, नक्सलवाद के खात्मे तक हम चुप नहीं बैठेंगे।

महीने भर पहले थानेदार की गाड़ी आई थी आईईडी ब्लास्ट की चपेट में
करीब महीना भर पहले बीजापुर जिले में थाना प्रभारी की गाड़ी नक्सलियों के लगाए आईईडी की चपेट में आ गई थी। फरसेगढ़ थाना प्रभारी आकाश मसीह अपने एक जवान के साथ शासकीय काम से बीजापुर आ रहे थे। इसी दौरान नक्सलियों ने फरसेगढ़ और रानीबोदली गांव के बीच कमांड आईईडी ब्लास्ट कर दिया। हालांकि इस घटना में थाना प्रभारी आकाश मसीह और जवान दोनों सुरक्षित हैं। वाहन के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा था।

6 माह में 141 नक्सली मारे गए, 7 जवान हुए शहीद
इस साल जनवरी से 23 जून तक बस्तर संभाग में जवानों ने 141 नक्सलियों को ढेर किया है। जबकि कई नक्सली घायल हुए हैं। इस दौरान 7 जवान भी शहीद हुए हैं। इसके अलावा नक्सलियों ने कई बार जवानों और उनके कैंप को भी निशाना बनाने का प्रयास किया।

tranding
tranding