Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 सर्च ऑपरेशन में 14 नक्सलियों के शव बरामद 
0 घटना स्थल से एके-47, एसएलआर समेत ऑटोमेटिक हथियार भी बरामद
दंतेवाड़ा/नारायणपुर। दंतेवाड़ा-नारायणपुर जिले के बॉर्डर पर शुक्रवार को पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में 30 नक्सलियों को मारे जाने की खबर है। सर्च ऑपरेशन में  करीब 14 नक्सलियों के शव बरामद किये गए हैं। इस मुठभेड़ में 30 नक्सलियों के मारे जाने की खबर की जानकारी दंतेवाड़ा एएसपी आरके वर्मा ने दी है। वहीं एके-47, एसएलआर समेत अन्य हथियार भी बरामद किए गए हैं।

बताया जा रहा है कि मुठभेड़ ओरछा थाना इलाके के नेंदुर और थुलथुली गांव के बीच जंगल में हुई है। अभियान के दौरान आज 4 अक्टूबर को दोपहर लगभग 12:30 से 1:00 बजे के बीच पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई। इस दौरान शव और ऑटोमैटिक वेपन्स बरामद हुए। एक दिन पहले नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिले से जवानों को एंटी नक्सल ऑपरेशन पर भेजा गया था। सुरक्षा बलों द्वारा सर्च अभियान अभी भी जारी है। 

24 नक्सलियों के शव बरामद
शुक्रवार को जंगल में 2 घंटे तक रुक-रुककर फायरिंग होती रही। इसके बाद जब फायरिंग रुकी तो सर्च ऑपरेशन चलाया गया। जवानों ने शाम 6 बजे तक 14 नक्सलियों के शव समेत भारी मात्रा में सामान बरामद किया है। न्यूज एजेंसी व न्यूज चैनल के मुताबिक 30 नक्सली मारे गए हैं।

जवानों के हौसले और अदम्य साहस को नमनः सीएम साय
इस मुठभेड़ को लेकर सीएम विष्णुदेव साय ने एक्स पर पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने लिखा है, नारायणपुर-दंतेवाड़ा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षाबल के जवानों की नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में 14 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। जवानों को मिली यह बड़ी कामयाबी सराहनीय है। उनके हौसले और अदम्य साहस को नमन करता हूं। नक्सलवाद के खात्मे के लिए शुरू हुई हमारी लड़ाई अब अपने अंजाम तक पहुंचकर ही दम लेगी। इसके लिए हमारी डबल इंजन सरकार दृढ़ संकल्पित है। प्रदेश से नक्सलवाद का खात्मा ही हमारा लक्ष्य है। 

सीएम साय भी दंतेवाड़ा दौरे पर थे
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शुक्रवार को ही दंतेवाड़ा दौरे पर थे। यहां उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के साथ 167.21 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। स्व-सहायता समूह की बहनों को बसों के संचालन की चाबी भी सौंपी।

सुकमा से नक्सल सामग्री बरामद
इधर सुकमा जिले में गुरुवार को मुठभेड़ के बाद भारी मात्रा में नक्सलियों की सामग्री बरामद की गई थी। यहां 10 दिन में कल दूसरी बार मुठभेड़ हुई। 10 दिन पहले 24 सितंबर को भी सुकमा जिले में मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान एनकाउंटर में 2 नक्सलियों को ढेर किया गया था। हालांकि दोनों शव को उनके साथी अपने साथ ही ले गए।

एक महीने पहले 3 महिला नक्सली ढेर
29 अगस्त को नारायणपुर और कांकेर बॉर्डर पर अबूझमाड़ इलाके में मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ में 3 वर्दीधारी महिला नक्सलियों को ढेर किया गया था। इनकी शिनाख्त उत्तर बस्तर डिवीजन कमेटी और पीएलजीए कम्पनी नंबर 05 के सदस्य के रूप में हुई।

160 से ज्यादा नक्सली अब तक मारे गए
2024 में अब तक 160 से ज्यादा नक्सलियों को मुठभेड़ में मार गिराया गया है। पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज सुन्दरराज पी ने दंतेवाड़ा मुठभेड़ से पहले बताया था कि बस्तर संभाग में मानसून सीजन में ही 212 से ज्यादा नक्सली गिरफ्तार हुए हैं। नक्सल विरोधी अभियान के दौरान 201 नक्सलियों ने सरेंडर भी किया है।

tranding
tranding