0 एयरपोर्ट से राष्ट्रपति पुतिन और पीएम मोदी एक ही गाड़ी में रवाना हुए
0 रूस-यूक्रेन जंग शुरू होने के बाद पुतिन का यह पहला भारत दौरा
0 पीएम मोदी ने रात में उनके सम्मान में प्राइवेट डिनर की मेजबानी की
नई दिल्ली। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत पहुंच गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने एयरपोर्ट पर उन्हें रिसीव किया। दोनों नेताओं ने एक दूसरे को गले लगाया। एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति पुतिन को रेड कारपेट वेलकम दिया गया। मोदी और पुतिन एक ही गाड़ी में बैठकर एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री आवास पहुंचे।
रूस-यूक्रेन जंग शुरू होने के बाद पुतिन का यह पहला भारत दौरा है। पीएम मोदी गुरुवार रात को उनके सम्मान में एक प्राइवेट डिनर की मेजबानी की। पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति से मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं। उन्होंने कहा कि वे दोस्त पुतिन का स्वागत करते बहुत खुश हैं। भारत और रूस की दोस्ती मुश्किल समय में कसौटी पर खरी उतरी है।
मोदी बोले- अपने दोस्त पुतिन का स्वागत कर खुश हूं
मोदी ने एक्स पर कहा कि अपने दोस्त, राष्ट्रपति पुतिन का भारत में स्वागत करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। आज शाम और कल हमारी बातचीत का बेसब्री से इंतजार है। भारत-रूस की दोस्ती मुश्किल समय की कसौटी पर खरी उतरी है और इससे हमारे लोगों को बहुत फायदा हुआ है।
एक साथ टोयोटा एसयूवी में दिखे मोदी-पुतिन
मोदी और पुतिन एक ही टोयोटा एसयूवी में साथ सफर करते नजर आए। इससे पहले चीन के तिआनजिन शहर में पुतिन ने मोदी को अपनी लिमोजिन कार में साथ बैठाया था। दिल्ली में मोदी ने उसी अंदाज में पुतिन का स्वागत किया।
पुतिन के मंत्री पहले ही भारत पहुंचे
पुतिन के भारत पहुंचने से पहले रूस के कई मंत्री दिल्ली पहुंच चुके हैं। इनमें डिप्टी प्रधानमंत्री डेनिस मांतुरोव, रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु और कृषि मंत्री दिमित्री पेट्रोव शामिल हैं।
दीयों से लिखा- वेलकम पुतिन
पुतिन के स्वागत में उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गंगा आरती के दौरान दीयों से 'वेलकम पुतिन' लिखा गया।