0 मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे की घोषणा
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय राजधानी के पालम इलाके में भीषण अग्निकांड में हुई जानमाल की हानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है और इस त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की है।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, श्री मोदी ने प्रत्येक मृतक के निकटतम संबंधी को दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपने संदेश में कहा कि दिल्ली के पालम में हुई आग की घटना अत्यंत हृदयविदारक है। उन्होंने लिखा कि जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति उनकी संवेदनाएं हैं। श्री मोदी ने इस हादसे में झुलसे और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।