मथुरा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 19 मार्च से 21 मार्च तक उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के दौरे पर रहेंगी। श्रीमती मुर्मु अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान मथुरा, वृंदावन तथा गोवर्धन का दौरा करेंगी। इस दौरान वह वृन्दावन के प्रमुख मंदिरों के दर्शन, संतों से मुलाकात और गोवर्धन की परिक्रमा भी करेंगी। जिला प्रशासन ने उनके दौरे को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रीमती मुर्मु गुरुवार को शाम 4:50 बजे आगरा एयरपोर्ट से वायुसेना के हेलीकॉप्टर द्वारा मथुरा कैंट स्थित आर्मी एरिया हेलीपैड पर पहुंचेंगी। इसके बाद शाम 5:25 बजे वह वृंदावन के होटल रेडिसनपहुंचेंगी, जहाँ उनका रात्रि विश्राम होगा। इसी दिन शाम 6:30 से 7:00 बजे तक इस्कॉन मंदिर में प्रभुपाद समाधि दर्शन, श्री श्री कृष्ण बलराम आरती और गौ-पूजा में सम्मिलित होंगी। शाम 7:10 से 7:35 बजे तक प्रेम मंदिर में दर्शन और आरती का कार्यक्रम रहेगा।
वहीं, वह शुक्रवार को सुबह 7:30 से 8:00 बजे तक प्रेमानंद महाराज (श्री हित राधा केलि कुंज आश्रम) से भेंट करेंगी। सुबह 11:10 से 11:30 बजे तक बाबा नीब करोरी के समाधि स्थल और हनुमान मंदिर के दर्शन करेंगी। पूर्वान्ह 11:50 से अपराह्न 12:10 बजे तक उड़िया बाबा आश्रम में दर्शन और पुष्पांजलि अर्पित करेंगी। अपराह्न 12:35 बजे रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम में ‘नंद किशोर सोमानी ऑन्कोलॉजी ब्लॉक’ का उद्घाटन और जनसभा को संबोधित करेंगी। शाम 5:20 से 5:50 बजे तक वात्सल्य ग्राम का भ्रमण, साध्वी ऋतंभरा जी से भेंट और महिला सैन्य स्कूल की छात्राओं से संवाद करेंगी
राष्ट्रपति अपने दौरे के तीसरे दिन शनिवार सुबह 8:45 बजे गोवर्धन के दानघाटी मंदिर पहुंचकर दर्शन और आरती करेंगी। सुबह 9:00 से 10:30 बजे तक गोल्फ कार्ट के माध्यम से 21 किलोमीटर की गोवर्धन परिक्रमा करेंगी। सुबह 11:00 बजे गोवर्धन स्थित हेलीपैड से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।
जिला मजिस्ट्रेट चंद्र प्रकाश सिंह ने संबंधित विभागों को सड़कों की मरम्मत, सफाई व्यवस्था, बिजली की निर्बाध आपूर्ति और सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। पूरे रूट पर भारी पुलिस बल तैनात रहेगा और चिकित्सा आपात स्थिति के लिए ‘ओ-पॉजिटिव’ रक्त और आईसीयू युक्त एम्बुलेंस की व्यवस्था की गयी है।