0 बिल गेट्स और बफेट दान न करते तो दूसरे और तीसरे सबसे अमीर होते
न्यूयॉर्क। बिजनेस मैगजीन फोर्ब्स ने दुनिया के अमीरों की सूची एक नए नजरिये से जारी की है। अरबपतियों की संपत्ति की दोबारा गणना करते हुए उसमें उनके द्वारा किए गए दान को भी जोड़ा गया है।
विश्व में कुल 3428 अरबपति हैं। इनके पास 20 लाख करोड़ डॉलर की संपत्ति है। सबसे ज्यादा अमीर अमेरिका में हैं, लेकिन इसके बावजूद कई रईस दान करने में पीछे हैं। बिल गेट्स और वॉरेन बफेट जैसे अरबपति इस मामले में आगे हैं। अगर वे दान नहीं करते तो दुनियाभर के अमीरों की सूची में दूसरे और तीसरे नंबर पर होते। बिजनेस मैग्जीन फोर्ब्स ने हाल ही में दुनिया के अरबपतियों की सूची को नए नजरिए से जारी किया है। इसमें दौलतमंदों की ओर से दान की गई रकम को भी उनकी कुल संपत्ति में शामिल किया गया है।
इसमें जानने की कोशिश की गई है कि दुनिया के सबसे उदार अरबपतियों ने कभी दान न किया होता, तो आज उनकी संपत्ति और रैंकिंग कैसी होती? इसका जवाब पाने के लिए फोर्ब्स ने ‘ट्रू नेट वर्थ’ रैंकिंग तैयार की। इसमें माना गया कि अरबपतियों ने जो शेयर दान किए, वे उनके पास ही रहते और नकद दान भी बाजार की दरों के हिसाब से निवेश होता।
ताजा रैंकिंग के अनुसार एलन मस्क 858 अरब डॉलर की कुल संपत्ति के साथ पहले स्थान पर हैं। इसमें 839 अरब डॉलर उनकी मूल संपत्ति है, जबकि 19 अरब डॉलर का उनका दान शामिल हैं। इस तरह उनकी कुल संपत्ति 858 अरब डॉलर रही। दूसरे स्थान पर बिल गेट्स हैं। उनकी कुल मूल संपत्ति 108 अरब डॉलर रही, जबकि उन्होंने 356 अरब डॉलर का भारी-भरकम दान भी किया। इस तरह उनकी कुल संपत्ति 464 अरब डॉलर आंकी गई। इसी क्रम में वॉरेन बफेट तीसरे स्थान पर रहे। उनकी मूल संपत्ति 149 अरब डॉलर है, जबकि उन्होंने 214 अरब डॉलर का दान भी किया। ऐसे में उनकी कुल संपत्ति 363 अरब डॉलर आंकी गई। चौथे स्थान पर लैरी पेज रहे। उनकी मूल संपत्ति 257 अरब डॉलर रही। जबकि उन्होंने 27 अरब डॉलर का दान भी किया। इस तरह उनकी कुल संपत्ति 284 अरब डॉलर आंकी गई। नई रैंकिंग में पांचवें स्थान पर सर्गेई ब्रिन रहे। उनकी मूल संपत्ति 237 अरब डॉलर रही, जबकि 41 अरब डॉलर का उन्होंने दान भी किया। इस तरह उनकी कुल संपत्ति 278 अरब डॉलर आंकी गई।
एलन मस्क ने अपनी ही फाउंडेशन को दिया दान
दूसरी सूची में भी एलन मस्क दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति है। उनकी कुल संपत्ति 839 अरब डॉलर है। हालांकि परोपकार के मामले में वे बहुत पीछे हैं। कुल दान की गई रकम में से 8.5 अरब डॉलर का दान उन्होंने अपने ही मस्क फांउंडेशन को दिया। यह उनकी कुल नेट वर्थ का 1% ही है। यह दान दिसंबर 2024 तक 13 महीनों के दौरान दिया गया। कानून के मुताबिक फाउंडेशन को हर साल अपनी संपत्ति का 5% हिस्सा चैरिटी में खर्च करना चाहिए, लेकिन फाउंडेशन इस रकम का ज्यादातर हिस्सा दबाए बैठा है। मस्क ने करीब 60 करोड़ अपने ही एक दूसरे फाउंडेशन (एक्स फाउंडेशन) को ट्रांसफर किए। इसका मकसद टेक्सास में अपनी ही कंपनी 'स्पेसएक्स' के पास एक नया स्कूल और यूनिवर्सिटी खोलना है।
बफेट तीसरे और मैकिंजी 26वें स्थान पर होतीं
इलॉन मस्क फोर्ब्स की दोनों लिस्ट में पहले स्थान पर हैं। हालांकि, उन्होंने अपनी संपत्ति का बेहद छोटा हिस्सा, करीब 0.06% ही वास्तविक दान किया है। बिल गेट्स ने माइक्रोसॉफ्ट के करीब 73.1 करोड़ शेयर दान किए हैं। अगर उन्होंने ये शेयर अपने पास रखे होते, तो उनकी संपत्ति करीब 4 गुना ज्यादा होती और वे 19वें के बजाय दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति होते। इसी तरह, वॉरेन बफेट भी 9वें स्थान से तीसरे स्थान पर पहुंच जाते। 2006 से उनके द्वारा दान किए गए शेयरों की कीमत करीब 700% बढ़ी है। मैकिंजी स्कॉट 58 स्थान चढ़कर 26वें नंबर पर पहुंच जातीं। उनके पूर्व पति जेफ बेजोस, टॉप 5 से बाहर हो जाते।