Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 142 सीटों पर 1448 प्रत्याशी मैदान में, नतीजे 4 मई को
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए सोमवार शाम 5 बजे चुनावी शोर थम गया। 29 अप्रैल को 142 सीटों पर मतदान होगा, जिसमें कोलकाता, हावड़ा, नादिया, उत्तर-दक्षिण 24 परगना, हुगली और पूर्वी बर्धमान शामिल हैं। दूसरे चरण में कुल 1448 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। मतदान से पहले आखिरी दिन विभिन्न दलों की ओर से जमकर प्रचार किया गया। भाजपा के लिए पीएम मोदी व अमित शाह, और टीएमसी के लिए ममता बनर्जी ने अंतिम दिन पूरी ताकत झोंकी। वहीं चुनाव नतीजे 4 मई को आएंगे।

शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए केंद्र सरकार के करीब 16000 कर्मियों की पीठासीन अधिकारी व पोलिंग अधिकारी के तौर पर नियुक्ति की गई हैं। ये सभी स्थायी कर्मचारी हैं। चुनाव कर्मियों के संकट को दूर करने के लिए चुनाव आयोग ने यह निर्णय लिया है। इस बीच आयोग ने हिंगलगंज थाने व डायमंड हार्बर पुलिस जिले में पांच नए पुलिस अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। वहां के अधिकारियों को चुनावी ड्यूटी में लापरवाही बरतने व पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने के आरोप में निलंबित कर दिया गया था।

भाजपा के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तो तृणमूल कांग्रेस के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल व राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख तेजस्वी यादव ने प्रचार किया।  बीजेपी ने घुसपैठ और तुष्टीकरण के मुद्दे पर जोर दिया, जबकि टीएमसी ने अपने किले को बचाने के लिए प्रचार किया। पीएम मोदी ने जगतदल में और ममता बनर्जी ने जादवपुर-टॉलीगंज में रैलियां कीं।

दूसरे चरण के तहत बंगाल के सात जिलों कोलकाता, हावड़ा, उत्तर व दक्षिण 24 परगना, हुगली, नदिया व पूर्व बर्धमान जिलों की 142 सीटों पर आगामी 29 अप्रैल को मतदान होंगे। बता दें कि दूसरे चरण में केंद्रीय बलों की कुल 2,231 कंपनियां तैनात रहेंगी। इनमें सबसे अधिक 237 कंपनियां कोलकाता में तैनात की जाएंगी।

पुलिस अधिकारियों को उठाना होगा कदम
चुनाव आयोग ने पुलिस अधिकारियों को मतदाताओं को भय दिखाने व धमकियां देने के मामले में अविलंब कदम उठाने का निर्देश दिया है। ऐसा न करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की बात कही गई है। चुनाव अधिकारियों ने रविवार को कोलकाता के धन्य धान्यो स्टेडियम में कोलकाता, उत्तर व दक्षिण 24 परगना के जिला चुनाव अधिकारियों व पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक की, जिसमें ये निर्देश दिए गए।

मतदान के दिन आंधी-तूफान की आशंका
मौसम विभाग ने दूसरे चरण के मतदान के दिन विभिन्न जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इसे लेकर सतर्कता जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से शुक्रवार तक कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के प्राय: समस्त जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। इनमें कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर व दक्षिण 24 परगना, नदिया व पूर्व बद्र्धमान जिले भी शामिल हैं, जहां मतदान होना है।

News Article Hero Image

 

tranding