Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 अमेरिका नौसैनिक घेराबंदी हटाएगा
तेहरान/वॉशिंगटन डीसी। ईरान ने दावा किया है कि अमेरिका के साथ संभावित समझौते का शुरुआती ड्राफ्ट तैयार हो गया है। रॉयटर्स के मुताबिक ईरान के सरकारी टीवी ने एक शुरुआती और अनौपचारिक दस्तावेज मिलने का दावा किया है, जिसमें अमेरिका-ईरान समझौते का ढांचा तैयार किया गया है।

ड्राफ्ट के अनुसार अमेरिका ईरान के आसपास से अपनी सैन्य मौजूदगी हटाएगा और नौसैनिक घेराबंदी खत्म करेगा। इसके बदले ईरान 30 दिनों के भीतर होर्मुज स्ट्रेट में व्यावसायिक जहाजों की आवाजाही को युद्ध से पहले के स्तर पर बहाल करेगा।
रिपोर्ट में कहा गया है कि यह व्यवस्था अमेरिकी सैन्य जहाजों पर लागू नहीं होगी। होर्मुज में जहाजों की आवाजाही का प्रबंधन ईरान और ओमान मिलकर करेंगे।
ईरानी सरकारी मीडिया ने यह भी कहा कि समझौते का ड्राफ्ट अभी फाइनल नहीं है और बिना ठोस गारंटी के ईरान आगे नहीं बढ़ेगा। अमेरिका की तरफ से अभी तक इस रिपोर्ट पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

रूस ने ईरान से कहा- युद्ध फिर शुरू न होने दें
रूस के सुरक्षा परिषद के डिप्टी सेक्रेटरी अलेक्जेंडर वेंडिक्टोव ने ईरान से क्षेत्र में दोबारा युद्ध शुरू न होने देने की अपील की है। ईरान के सरकारी टीवी के मुताबिक वेंडिक्टोव ने कहा क्षेत्र में नई सुरक्षा व्यवस्था का रास्ता तैयार करना जरूरी है।

पिछले 24 घंटे में होर्मुज से 23 जहाज गुजरे
ईरान की रेवोल्यूशनरी गार्ड  नौसेना ने दावा किया है कि पिछले 24 घंटे में उसकी अनुमति से 23 जहाज होर्मुज स्ट्रेट से गुजरे। इससे एक दिन पहले 25 जहाजों की आवाजाही की जानकारी दी गई थी। ईरानी सरकारी प्रसारक आईआरआईबी के मुताबिक आईआरजीसी  नौसेना ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों की आवाजाही उसकी अनुमति से कराई जा रही है।

रिपोर्ट- अमेरिका ईरान के आसपास से सैन्य मौजूदगी हटाएगा
ईरान की मिजान न्यूज एजेंसी ने अमेरिका-ईरान संभावित शांति समझौते के ड्राफ्ट को लेकर नई जानकारी दी है। रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका ईरान के आसपास तैनात अपनी सैन्य ताकत हटाने पर सहमत हुआ है। हालांकि इसमें क्षेत्र में तैनात अमेरिकी सैनिक और सैन्य ठिकाने शामिल होंगे या नहीं, इस पर अभी बातचीत बाकी है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर 60 दिनों के भीतर अंतिम समझौता हो जाता है, तो इसे संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के बाध्यकारी प्रस्ताव के रूप में मंजूरी दी जाएगी।
अमेरिका और ईरान के बीच जारी बातचीत में होर्मुज स्ट्रेट, हाईली एनरिच्ड यूरेनियम, प्रतिबंधों में राहत और फ्रीज ईरानी संपत्तियों जैसे मुद्दों पर चर्चा चल रही है।