वाशिंगटन। पश्चिम एशिया में युद्ध खत्म करने के लिए समझौता होने के बाद अमेरिका ने ईरान की घेराबंदी खत्म कर दी है। अमेरिका के सेंट्रल कमान ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि राष्ट्रपति के निर्देश के अनुसार अमेरिकी सेना ने ईरानी बंदरगाहों और तटीय इलाकों में आने-जाने वाले सभी समुद्री जहाजों पर लगी नाकेबंदी हटा ली है।
अमेरिकी सेना ईरानी बंदरगाहों पर आने-जाने वाले जहाजों को नहीं रोक रही है। अमेरिकी सेना की नाकेबंदी लागू करने की सभी कोशिशें बंद कर दी गई हैं। हमारे बेहतरीन नौसैनिक जहाज उस इलाके में मौजूद रहेंगे, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि समझौते की सभी बातों का पालन हो रहा है और वे पूरी तरह से लागू हैं।
वहीं, ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने कहा कि अलग राय होने के बावजूद उन्होंने अमेरिका के साथ समझौते को मंज़ूरी दी, हालांकि उन्होंने इस बारे में विस्तार से कुछ नहीं कहा। उन्होंने कहा कि ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन से यह भरोसा मिलने के बाद कि वह ईरानी राष्ट्र के अधिकारों की रक्षा करेंगे, उन्होंने (श्री खामेनेई) इस समझौता को होने दिया। उन्होंने कहा कि भले ही भविष्य में ईरान और अमेरिका के बीच आमने-सामने बातचीत होगी, लेकिन इसका मतलब दुश्मन के रुख को स्वीकार करना नहीं होगा।