Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 देश की आबादी 29 लाख, 6 यूनिकॉर्न काम कर रहीं
0 स्टार्टअप के मामले में दुनिया में 13वें नंबर पर
विलनियस। लिथुआनिया की राजधानी विलनियस यूरोप का नया सिलिकॉन वैली बनकर उभर रहा है। इस छोटे से देश की आबादी महज 29 लाख है, लेकिन यहां 6 यूनिकॉर्न कंपनी काम कर रहीं काम कर रही हैं। लिथुआनिया अब स्टार्टअप के मामले में दुनिया में 13वें नंबर का देश बन गया है। 
विलनियस की साइबर सिटी में कांच की ऊंची इमारतों में एक तरफ नॉर्ड सिक्योरिटी जैसे दुनियाभर में मशहूर यूनिकॉर्न का दफ्तर है, तो कुछ ही कदम पर हॉस्टिंगर का। हॉस्टिंगर यानी एक ऐसा स्टार्टअप जिसके यूजर 150 से ज्यादा देशों में हैं। यहां फ्यूचर, एआई और स्टार्टअप जैसे शब्द हर बातचीत में सुनाई देते हैं। विलनियस को अब यूरोप की ‘सिलिकॉन वैली’ भी कहा जाने लगा है। यूरोप के इस छोटे से देश लिथुआनिया की आबादी मात्र 29 लाख के करीब है, लेकिन यहां हजारों स्टार्टअप काम कर रहे हैं। आकार और आबादी में भले ही यह देश छोटा है, लेकिन सोच बड़ी और ग्लोबल है।

यूनिकॉर्न लिथुआनिया की सीईओ गिन्तारे वेरबिकाइते बताती हैं कि आज विलनियस यूरोप की सबसे तेजी से बढ़ती स्टार्टअप सिटी है। इस मामले में दुनिया में भी ये 13वें नंबर पर है। यहां कारोबार स्थानीय नहीं, वैश्विक सोच के साथ शुरू होता है।

यहां के लोग कहते हैं कि जब हम कोई स्टार्टअप शुरू करते हैं तो उसे दुनिया की समस्याओं और जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाते हैं, क्योंकि हम सिर्फ लिथुआनिया तक सीमित रहना नहीं चाहते हैं। आबादी यानी प्रति व्यक्ति के हिसाब से लिथुआनिया दुनिया के सबसे अधिक यूनिकॉर्न स्टार्टअप वाले देशों में है। यहां विंटेड, नॉर्ड सिक्योरिटी, बीसीजी, फ्लो, कास्ट एआई और ऑक्सीलैब्स, 6 यूनिकॉर्न कंपनियां हैं।
विंटेड ने यूनिकॉर्न बिल्ड करने का एक अलग मॉडल पेश किया है। उसने पुराने कपड़े खरीदने और बेचने का ऑनलाइन मॉडल शुरू किया और वो यहां की पहली यूनिकॉर्न बनी।
इन्वेस्ट लिथुआनिया की स्ट्रैटजिस्ट डायना गिरडेनाइट कहती हैं कि बढ़ती स्किल्ड वर्कफोर्स, फाइनेंशियल इन्सेंटिव और सरकार की नीतियां जैसे प्रमुख कारण हैं, जिनके कारण लिथुआनिया स्टार्टअप पावरहाउस बन रहा है।

सीखने-सिखाने का कल्चर, भारत इनका बड़ा बाजार
2017 में यहां औसत सैलरी करीब 2.7 लाख रु. थी, करीब 2 गुना बढ़कर करीब 5 लाख रु. हो गई है। वहीं 2017 में 4500 कर्मचारी स्टार्टअप बिजनेस में थे, जो अब बढ़कर 19200 से ज्यादा हो गए हैं। ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स 2025 में लिथुआनिया 33वें स्थान पर रहा है। 2030 तक स्टार्टअप इकोसिस्टम को 3 गुना बढ़ाने का लक्ष्य रखा है।
यहां सीखने का कल्चर बहुत खुला है। कंपनियां दूसरे स्टार्टअप्स को अपनी सफलता का राज बताती हैं। नॉलेज शेयरिंग सेशन होते हैं। स्टार्टअप की आवाज के लिए 20 से ज्यादा टीवी, रेडियो, पॉडकास्ट शो होते हैं। नॉर्ड सिक्योरिटी व हॉस्टिंगर जैसे ब्रांड ग्लोबल बन चुके हैं। हॉस्टिंगर के 150 से अधिक देशों में 50 लाख से ज्यादा ग्राहक हैं। भारत सबसे बड़े बाजारों में है। इस वेब होस्टिंग कंपनी के यहां 10 लाख से अधिक यूजर हैं।