Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 एससीओ के ‘सभ्यतागत संवाद मंच’ का नई दिल्ली में समापन हुआ
0 पुराना किला से दुनिया को भारत का संदेश-हर सभ्यता को समान आवाज और सम्मान मिलना चाहिए
नई दिल्ली। भारत की मेजबानी में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के ‘सभ्यतागत संवाद मंच’ का समापन रविवार को इंद्रप्रस्थ घोषणापत्र जारी होने के साथ हुआ। इसमें सदस्य देशों से सांस्कृतिक विरासत को बचाने और उसकी अवैध तस्करी रोकने के लिए मिलकर काम करने की अपील की गई है। साथ ही सभी सभ्यताओं को बराबर सम्मान देने और उनकी बात सुनने पर जोर दिया गया है। 

दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में आयोजित यह तीन दिवसीय कार्यक्रम 20 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुरू किया था। इसमें एससीओ के कई सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। पाकिस्तान के संघीय मंत्री मुसादिक मलिक भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।

हर सभ्यता को मिले समान सम्मान
एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम के घोषणापत्र में कहा गया कि हर सभ्यता को समान आवाज और सम्मान मिलना चाहिए। दस्तावेज में वास्तुकला, संगीत, खानपान और वस्त्रों के क्षेत्र में विभिन्न देशों की साझा सांस्कृतिक विरासत को पर भी जोर दिया। इस घोषणापत्र में संस्कृति को देशों के बीच मित्रता और अच्छे पड़ोसी संबंधों को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण माध्यम बताया गया।

क्या है इंद्रप्रस्थ घोषणापत्र?
एससीओ के सदस्य देशों के बीच हुई बातचीत और मिले सुझावों के आधार पर इंद्रप्रस्थ घोषणापत्र तैयार किया गया। भारत के संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल ने समापन सत्र से पहले इसकी अहम बातों की जानकारी दी। घोषणापत्र में सांस्कृतिक विरासत को चोरी, अवैध तस्करी और प्राकृतिक आपदाओं से बचाने पर जोर दिया गया है। इसके लिए सभी सदस्य देशों से मिलकर काम करने की अपील की गई है। इसमें यह भी कहा गया है कि हर सभ्यता को बराबर सम्मान मिलना चाहिए और सभी को अपनी बात रखने का समान मौका मिलना चाहिए। साथ ही वास्तुकला, संगीत, खानपान और पहनावे जैसी परंपराओं में अलग-अलग देशों की साझा विरासत को भी महत्व दिया गया है। घोषणापत्र में संस्कृति को देशों के बीच दोस्ती बढ़ाने और अच्छे पड़ोसी संबंध मजबूत करने का एक अहम जरिया बताया गया है।

विरासत बचाने में एआई का इस्तेमाल
घोषणापत्र में सांस्कृतिक विरासत को बचाने के लिए नई तकनीक अपनाने पर भी जोर दिया गया है। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई का सही और रचनात्मक तरीके से इस्तेमाल करने की बात कही गई है। इससे लोगों के लिए सांस्कृतिक धरोहरों तक पहुंचना और उनके बारे में जानकारी हासिल करना आसान हो सकता है। इसके अलावा सदस्य देशों से यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल होने के लिए मिलकर नामांकन करने की अपील की गई है। इससे अलग-अलग देशों की साझा सांस्कृतिक विरासत को दुनिया भर में पहचान मिल सकेगी।

भारत-पाकिस्तान में नहीं हुई औपचारिक बातचीत
कार्यक्रम में पाकिस्तान के संघीय मंत्री मुसादिक मलिक भी शामिल हुए थे। उनकी मौजूदगी के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत को लेकर सवाल उठे। इस पर संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम के दौरान दोनों देशों के बीच कोई औपचारिक द्विपक्षीय बैठक नहीं हुई।हालांकि, उन्होंने बताया कि भारतीय पक्ष के कुछ सदस्यों की पाकिस्तानी प्रतिनिधि से भोज के दौरान और कार्यक्रम के दूसरे मौकों पर अनौपचारिक बातचीत जरूर हुई थी।