Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 एससीओ सम्मेलन में हुमायूं और शेरशाह सूरी का जिक्र किया
नई दिल्ली। पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक ने दिल्ली के पुराने किले में आयोजित एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच पर शेरशाह सूरी और मुगल शासक हुमायूं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पुराना किला खुद इतिहास की कई परतों की कहानी है।
मलिक ने कहा कि इस किले की नींव हुमायूं ने रखी थी, जो मध्य एशिया के तैमूरी वंश से जुड़े थे। बाद में अफगान शासक शेरशाह सूरी ने इसका निर्माण आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि एक दीवार, दो प्रतिद्वंद्वी यानी दो शासक और एक किला, जिसमें इतिहास की दो परतें हैं।

आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद पर कोई भी चर्चा सबूतों के आधार पर होनी चाहिए। अगर स्थायी समाधान चाहिए, तो उकसाने वाली बातों से नहीं, बल्कि सबूतों के आधार पर आगे बढ़ना होगा। मलिक ने कहा, हम कई मंचों पर कह चुके हैं कि सबूत द्विपक्षीय रूप से पेश किए जा सकते हैं। हमने यह भी सुझाव दिया है कि इसे बहुपक्षीय तरीके से भी संभाला जा सकता है। आप अपने सबूत लाइए और हम अपने सबूत लाएंगे।

उन्होंने कहा कि पूरा क्षेत्र आतंकवाद की चपेट में है और इसे सामूहिक रूप से सुलझाना चाहिए। हजारों पाकिस्तानी लोग चरमपंथ और आतंकवाद का शिकार हुए हैं और पाकिस्तान अपने नागरिकों की सुरक्षा पर ध्यान दे रहा है। मलिक ने कहा, इस मुद्दे को सुलझाने का केवल एक ही तरीका है। हमें सभी सबूत और तथ्य पारदर्शी तरीके से एक-दूसरे के सामने रखने चाहिए। एक ऐसा मंच बनाना चाहिए, जहां ये सबूत सामने लाए जा सकें और हर मुद्दे को उसी आधार पर सुलझाया जा सके।

उन्होंने कहा कि पूरा क्षेत्र इस संकट में फंसा है। अगर आतंकवाद से निपटने में किसी का सबसे ज्यादा हित है, तो वह पाकिस्तान का है। इसलिए पाकिस्तान चाहता है कि सब कुछ सबूतों के आधार पर सामने लाया जाए, ताकि सभी मिलकर आतंकवाद का सामना कर सकें। बता दें कि यह बयान तब आया है, जब भारत पाकिस्तान पर आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाता रहा है। भारत का कहना है कि पाकिस्तान अपनी जमीन से आतंकी गतिविधियों को रोकने में नाकाम रहा है। सीमा पार से आतंकवाद भारत के लिए सबसे बड़ी चिंता है।


बता दें कि पीएम मोदी ने शुक्रवार शाम दिल्ली के पुराना किला में पहले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का उद्घाटन किया था। 20 से 22 नवंबर तक चलने वाले एससीओ फोरम में पाकिस्तान समेत कई देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहली बार है, जब पाकिस्तान का कोई मंत्री भारत आया है।

चीन, ईरान सहित कई देश फोरम में शामिल
केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने 13 नवंबर को बताया था कि भारत ने 25 देशों को निमंत्रण भेजा है। इनमें चीन, कजाकिस्तान, ईरान, किर्गिज रिपब्लिक, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, बेलारूस, अजरबैजान, आर्मेनिया, बहरीन, नेपाल, सऊदी अरब, कंबोडिया, तुर्किये और श्रीलंका शामिल हैं। पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर शेखावत ने कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि पाकिस्तान भी आएगा। उनके मुताबिक, दोनों देशों की संस्कृति और सभ्यता का विकास साथ-साथ हुआ है। 1947 के बंटवारे के बाद दोनों देश अलग हुए, लेकिन उनकी साझा विरासत में अंतर नहीं है। शेखावत ने कहा था कि भारत चाहता है कि एससीओ केवल राजनीति और अर्थव्यवस्था तक सीमित न रहे, बल्कि साझा सभ्यता और मानवीय मूल्यों पर बातचीत का मंच भी बने। इससे देशों और उनके लोगों के बीच बेहतर संबंध और आपसी समझ विकसित करने में मदद मिलेगी।