0 कर्मचारियों से कहा- अमेरिका छोड़ो या नौकरी, 31 दिसंबर की डेडलाइन दी
0 कंपनी में करीब एक लाख भारतीय
न्यूयार्क। टेक कंपनी आईबीएम ने अमेरिका में अपने कंसल्टिंग डिवीजन के ज्यादातर पदों के लिए वर्क वीजा और ग्रीन कार्ड स्पॉन्सर करना बंद करने का फैसला किया है। कंपनी के इस डिवीजन में 1.50 लाख से ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं। इस बदलाव का सीधा असर अमेरिका के टेक सेक्टर में काम कर रहे हजारों भारतीय प्रोफेशन्लस पर पड़ेगा।
कंपनी ने प्रभावित कर्मचारियों के सामने दो रास्ते रखे हैं। अमेरिका छोड़कर किसी दूसरे देश से कंपनी के लिए काम जारी रख सकते हैं, या फिर अपनी नौकरी छोड़ सकते हैं।कंपनी ने प्रभावित कर्मचारियों को तुरंत नौकरी से निकालने के बजाय ट्रांजिशन के लिए साल के अंत तक यानी 31 दिसंबर 2026 का समय दिया है।
कंपनी की स्पॉन्सरशिप से ही मिलते हैं एच-1बी वीजा और ग्रीन कार्ड
जब कोई अमेरिकी कंपनी किसी विदेशी कर्मचारी को वहां काम करने के लिए वर्क वीजा दिलवाती है, तो उसे एच-1बी स्पॉन्सरशिप कहते हैं। वहीं, जब कंपनी उसे अमेरिका में हमेशा के लिए बसने का अधिकार यानी परमानेंट रेजिडेंसी दिलवाने के लिए आवेदन करती है, तो उसे ग्रीन कार्ड स्पॉन्सरशिप कहा जाता है।
दुनिया भर के 1.50 लाख से ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं
आईबीएम कंसल्टिंग में दुनिया भर के 1.50 लाख से ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं। हालांकि, कंपनी ने यह साफ नहीं किया है कि इस फैसले से कुल कितने कर्मचारी प्रभावित होंगे या उनमें से कितने अमेरिका में तैनात हैं। कंपनी ने यह भी साफ किया है कि यह फैसला पूरी आईबीएम पर लागू नहीं है, केवल 'आईबीएम कंसल्टिंग' के पदों के लिए है।