0 66% हिस्सेदारी वाला टाटा ट्रस्ट्स बॉम्बे हाईकोर्ट जाएगा
0 नोएल टाटा से मतभेद के बाद बढ़ा विवाद
मुंबई। टाटा ग्रुप के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन के तीसरे कार्यकाल के खिलाफ टाटा ट्रस्ट बॉम्बे हाईकोर्ट जाएगा। टाटा संस में 66% हिस्सेदारी रखने वाले इस ट्रस्ट ने गुरुवार को इसके लिए एक प्रस्ताव पास किया।
ट्रस्ट का कहना है कि 17 सितंबर को हुई बोर्ड मीटिंग में चंद्रशेखरन को दोबारा चेयरमैन बनाने का फैसला कंपनी के नियमों के खिलाफ लिया गया। इस कानूनी कार्रवाई के जरिए ट्रस्ट चंद्रशेखरन की नई नियुक्ति को रद्द कराने के साथ-साथ 30 नवंबर को होने वाली अगली बोर्ड मीटिंग के बड़े फैसलों पर भी रोक लगाना चाहता है।
वोटिंग में बराबरी के बाद कास्टिंग वोट से पास हुआ था प्रस्ताव
चंद्रशेखरन का मौजूदा कार्यकाल 20 फरवरी 2027 को पूरा हो रहा है। 17 सितंबर की बोर्ड मीटिंग में उन्हें इसके बाद अगले 5 साल यानी तीसरे कार्यकाल के लिए फिर से एग्जीक्यूटिव चेयरमैन बनाने का प्रस्ताव रखा गया था। वोटिंग के दौरान ट्रस्ट के दो नॉमिनी डायरेक्टर्स की राय बंट गई। नोएल टाटा ने प्रस्ताव के खिलाफ वोट दिया, जबकि वेणु श्रीनिवासन ने इसके पक्ष में वोट डाला। दोनों के वोट बराबर होने पर मीटिंग की अध्यक्षता कर रहे इंडिपेंडेंट डायरेक्टर हरीश मनवानी ने अपने 'कास्टिंग वोट' का इस्तेमाल किया और चंद्रशेखरन की नियुक्ति को मंजूरी दे दी।
ट्रस्ट ने कहा-बिना बहुमत के पास प्रस्ताव अमान्य
टाटा ट्रस्ट ने दो महीने पहले इस मामले में सीनियर वकील अभिषेक मनु सिंघवी से सलाह ली थी। ट्रस्ट का कहना है कि कंपनी के आर्टिकल 121 के मुताबिक, बोर्ड में किसी भी बड़े फैसले के लिए ट्रस्ट के नॉमिनी डायरेक्टर्स के बहुमत की मंजूरी जरूरी है।नोएल टाटा के विरोध के कारण यह शर्त पूरी नहीं हुई। ट्रस्ट के मुताबिक, हरीश मनवानी का कास्टिंग वोट इस कमी को पूरा नहीं कर सकता, इसलिए चंद्रशेखरन की नियुक्ति शुरू से ही अमान्य है। ट्रस्ट को आशंका है कि 30 नवंबर की मीटिंग में भी अगर दोनों डायरेक्टर्स ने अलग-अलग वोट दिया, तो बोर्ड फिर से इसी तरह प्रस्ताव पास कर सकता है।