Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 ईवाय की रिपोर्ट में दावा, चीन और अमेरिका का कर्ज बढ़ने की चेतावनी

नई दिल्ली। भारत का जनरल गवर्नमेंट डेट टू जीडीपी रेश्यो 2025 के 84.3% से घटकर 2031 तक 75.1% पर आ सकता है। ईवाय की नवंबर 2026 की इकोनॉमी वॉच रिपोर्ट में इंटरनेशनल मोनेटरी फंड (आईएमएफ) के अनुमानों के हवाले से यह बात कही गई है। यह आंकड़ा ऐसे समय में अहम है जब दुनिया की कई बड़ी अर्थव्यवस्थाओं का सरकारी कर्ज बढ़ रहा है।

चीन और अमेरिका का कर्ज बढ़ने का अनुमान
ईवाय की रिपोर्ट के मुताबिक, ज्यादातर उभरती अर्थव्यवस्थाओं में जीडीपी के मुकाबले सरकारी कर्ज बढ़ने की उम्मीद है, लेकिन भारत अलग राह पर है। भारत के कर्ज-जीडीपी अनुपात में 9.2% की कमी आने का अनुमान है। उभरते बाजारों और डेवलपिंग इकोनॉमीज का कर्ज-जीडीपी अनुपात 2025 के 73.7% से बढ़कर 2031 में 84.2% तक पहुंच सकता है। इस बढ़ोतरी की बड़ी वजह चीन का कर्ज माना जा रहा है। अन्य बड़ी अर्थव्यवस्थाओं से तुलना करें तो चीन का डेट-टू-जीडीपी रेश्यो 98.6% से बढ़कर 122.1% होने का अनुमान है। इसी अवधि में अमेरिका का कर्ज-जीडीपी अनुपात 124.4% से बढ़कर 145% तक जा सकता है।

भारत की जीडीपी ग्रोथ 7.7% तक रहने का अनुमान
रिपोर्ट में वित्तीय वर्ष-2027 की दूसरी तिमाही में भारत की रियल जीडीपी ग्रोथ 7.5% से 7.7% के बीच रहने का अनुमान जताया गया है। नॉमिनल जीडीपी ग्रोथ लगभग 11% के करीब रह सकती है, जिससे सरकारी टैक्स रेवेन्यू को सहारा मिल सकता है। वित्तीय वर्ष 2027 की पहली छमाही में केंद्र का ग्रॉस टैक्स रेवेन्यू 6.1% बढ़ा है, जबकि कुल खर्च में 10.7% की बढ़ोतरी हुई। वहीं सब्सिडी पर खर्च 10.1% बढ़ा है। ईवाय ने लगातार महंगाई के दबाव के बीच बड़ी सब्सिडी पर सरकारी खर्च बढ़ने की संभावना जताई है। अक्टूबर में रिटेल महंगाई बढ़कर 6.1% और थोक महंगाई 12.3% पर पहुंचने के चलते ईवाय ने दिसंबर की मॉनेटरी पॉलिसी मीटिंग में आरबीआई से पॉलिसी रेट बढ़ाने की सिफारिश भी की है।

गरीबी और असमानता में कमी
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि भारत ने आर्थिक ग्रोथ बनाए रखते हुए गरीबी और असमानता कम करने में प्रगति की है। वर्ल्ड बैंक के अनुमानों के हवाले से ईवाय ने कहा कि प्रतिदिन 3 डॉलर (पीपीपी के आधार पर) की सीमा पर भारत में अत्यधिक गरीबी दर 2011 के 27.1% से घटकर 2024 में अनुमानित 2.3% रह गई है। समय के साथ प्रति व्यक्ति कंजम्प्शन खर्च में असमानता भी कम हुई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत जीडीपी के मुकाबले जनरल गवर्नमेंट कर्ज के घटते रुख के साथ एक अलग उदाहरण बना हुआ है। इसके 2025 के 84.3% से घटकर 2031 तक 75.1% पर आने की उम्मीद है, जो 9.2% अंक की कमी है। हालांकि, इससे फूड, फर्टिलाइजर और पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स से जुड़ी कुछ बड़ी बजट सब्सिडी में बढ़ोतरी भी हो सकती है। वित्त वर्ष के बाकी हिस्से में, जहां एक्सपोर्ट डिमांड मजबूत दिख रही है, वहीं घरेलू मांग को सहारे की जरूरत है।

भारत के सामने आगे क्या-क्या चुनौतियां हैं?
आगे के महीनों में घरेलू मांग को मजबूत रखने के लिए ईवाय ने सरकारी कैपिटल एक्सपेंडिचर को बनाए रखने पर जोर दिया है। साथ ही, सरकार को फिस्कल कंसोलिडेशन के लक्ष्यों पर भी कायम रहना होगा। बढ़ती महंगाई और सब्सिडी के संभावित दबाव के बीच नीतिगत फैसलों और सरकारी खर्च के संतुलन पर नजर रहेगी।

डेट-टू-जीडीपी रेश्यो क्या होता है?
किसी देश पर कुल बकाया सरकारी कर्ज और उसी देश की कुल जीडीपी का रेश्यो, डेट-टू-जीडीपी रेश्यो कहलाता है। इससे यह समझने में मदद मिलती है कि देश अपनी आर्थिक पैदावार के मुकाबले कितना कर्ज लिए हुए है और उसे चुकाने की स्थिति कैसी है।