Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

चंडीगढ़। विजिलेंस ब्यूरो ने पंजाब के पूर्व मंत्री साधु सिंह धर्मसोत को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (पीसीए) से संबंधित एक मामले में गिरफ्तार किया है। उन्हें सोमवार देर रात तीन बजे अमलोह से पकड़ा गया।आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि विजिलेंस ब्यूरो द्वारा पीसीए के तहत डीएफओ गुरअमनप्रीत सिंह की हालिया गिरफ्तारी के सिलसिले में उन्हें अमलोह से गिरफ्तार किया गया था।

बताया जाता है कि गिरफ्तार डीएफओ और ठेकेदार हम्मी ने वन विभाग में गलत कामों का ब्योरा दिया था, जिसके बाद धर्मसोत को गिरफ्तार कर लिया गया। सूत्रों ने बताया कि पूर्व मंत्री के गिरफ्तार वन अधिकारियों से संबंध थे। उन पर 25,000 से अधिक पेड़ों की अवैध कटाई में शामिल होने का आरोप है। इस मामले में एक पंजाबी दैनिक अखबार के खन्ना स्थित पत्रकार को भी गिरफ्तार किया गया है।

कैप्टन सरकार में वन मंत्री रहे साधु सिंह धर्मसोत पर पहले भी भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। विजिलेंस ब्यूरो के सूत्रों के अनुसार वन विभाग के कई उच्च अधिकारी एवं पूर्व अधिकारी भी इस भ्रष्टाचार में शामिल हैं। पूछताछ के दौरान कई अधिकारियों के नाम सामने आए हैं। जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी हो सकती है। 

2020 में हुआ था वीडियो वायरल 
शिवालिक की पहाड़ियों में करोर एवं मिर्जापुर में खैर की लकड़ी को बेचने के मामले में भ्रष्टाचार संबंधी एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें वन विभाग के कई अधिकारी आपस में बात करते हुए कह रहे थे कि खैर के प्रति पेड़ 500 रुपये के हिसाब से विभाग के उच्च अधिकारियों एवं मंत्री तक दिए जाते हैं। उस समय इस मामले में विभागीय जांच भी हुई थी। उस जांच के घेरे में वन विभाग के चीफ कंजरवेटर से लेकर पूर्व प्रिंसिपल सेक्रेटरी तक का भी नाम था। 

यह था मामला 
मोहाली के डीएफओ गुरअमनप्रीत सिंह की तरफ से डब्लयूडब्लयूआईसीएस के मालिक बीएस संधू के खिलाफ 9 मई को नयागांव थाने में एक केस दर्ज करवाया गया था। जिसके बाद उनके बेटे देवेंद्र संधू द्वारा डीएफओ पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। जिसमें उन्होंने एक वीडियो भी दिया था। यह भ्रष्टाचार के आरोप 30 अप्रैल को उनकी मुलाकात के दौरान दो लाख लेने के थे। इस मामले में 2 जून को विजिलेंस ब्यूरो ने मुकदमा दर्ज कर डीएफओ एवं ठेकेदार हरमोहिंदर सिंह उफ हम्मी को गिरफ्तार किया था। उस मामले में दोनों का 4 दिन रिमांड लेकर आरोपियों से पूछताछ हुई थी।