Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 एक अन्य अफसर भी आरोपी

नई दिल्ली। सीनियर आईएएस अधिकारी जितेंद्र नारायण को केंद्र सरकार ने सोमवार को सस्पेंड कर दिया। नारायण पर अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का मुख्य सचिव रहने के दौरान एक 21 वर्षीय युवती ने नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया था।

युवती के मुताबिक, घटना अप्रैल-मई की है और उसने अगस्त में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। 1990 बैच के आईएएस नारायण घटना के 3 महीने पहले तक अंडमान-निकोबार में पूर्व मुख्य सचिव थे। वर्तमान में वे दिल्ली फाइनेंशियल कॉरपोरेशन के चेयरमैन और एमडी थे। इसके अलावा एक अन्य आरोपी आरएल ऋषि, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में ही लेबर ऑफिसर के रूप में तैनात थे।

युवती ने अगस्त में की थी शिकायत
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के डीजीपी के मुताबिक युवती ने 22 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें पूर्व मुख्य सचिव और श्रम आयुक्त पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर गैंगरेप करने का आरोप लगाया गया है। 1 अक्टूबर को पोर्ट ब्लेयर के एबरडीन पुलिस स्टेशन में दोनों अफसरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।

युवती को पुलिस सुरक्षा दी गई
मामले की जांच के लिए डीजीपी ने एसआईटी का गठन किया है। युवती को पुलिस सुरक्षा भी दी गई है। शिकायत में महिला ने अपने साथ हुए दुर्व्यवहार के बारे में बताया है। जिसमें उसने पोर्ट ब्लेयर में नारायण के आधिकारिक आवास पर अप्रैल और मई महीने की रात में दो बार हुए हिंसक यौन हमलों के बारे में अपनी आपबीती बयां की है।

मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराया बयान
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पोर्ट ब्लेयर में एसआईटी के साथ-साथ मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट द्वारा युवति का धारा 164 CRPC के तहत इकबालिया बयान दर्ज किया गया है, जहां उसने दूसरी शिकायत दर्ज की है। महिला के एक रिश्तेदार ने कहा कि वे एहतियात के तौर पर धारा 164 के बयान को वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए फिर से दर्ज करने की अपील करेंगे।

होटल मालिक ने कराया परिचय
जितेंद्र नारायण ने कथित तौर पर अपने लिखित खंडन में दावा किया है कि उनपर स्थानीय अधिकारियों के इशारे पर यह आरोप लगाए गए, जिनके खिलाफ उन्होंने मुख्य सचिव रहते हुए कार्रवाई की थी। हालांकि युवति के मुताबिक नौकरी की तलाश में एक होटल मालिक के जरिए उसकी जान-पहचान लेबर ऑफिसर से कराई गई थी और फिर उसे वह मुख्य सचिव के सरकारी आवास पर ले गया।