0 पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों पर अंतर-मंत्रालयी प्रेसवार्ता
0 नागरिकों को भ्रामक खबरों और गलत सूचनाओं से सावधान रहने की सलाह दी
0 सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क घटाया
0 वैश्विक अनिश्चितता के बीच देश की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने का लक्ष्य
0 सरकार स्थिति की निरंतर निगरानी करेगी और प्रत्येक पखवाड़े इसकी समीक्षा करेगी
0 घरेलू रिफाइनरियों को निर्यातित पेट्रोल का 50 प्रतिशत और निर्यातित डीजल का 30 प्रतिशत घरेलू बाजार में आपूर्ति करने का आदेश दिया गया
0 भारत सरकार ने वाणिज्यिक एलपीजी के अतिरिक्त 20 प्रतिशत आवंटन को मंजूरी दी है, जिससे कुल आवंटन संकट-पूर्व स्तर के 70 प्रतिशत तक पहुंच गया
0 कालाबाजारी और जमाखोरी के विरुद्ध प्रवर्तन अभियान जारी
0 भारत का समुद्री क्षेत्र सुचारू रूप से चल रहा है और बंदरगाहों पर कोई भीड़भाड़ नहीं है
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को देश में लॉकडाउन की अफवाहों को सिरे से खारिज किया है। सरकार ने नागरिकों को भ्रामक खबरों और गलत सूचनाओं से सावधान रहने की सलाह दी है। राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में अपनी नियमित अंतर मंत्रालयीन प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। इस वार्ता के दौरान, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय, पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के प्रतिनिधि शामिल हुए।
अधिकारियों ने ईंधन की उपलब्धता, समुद्री संचालन, क्षेत्र में भारतीय नागरिकों को दी जा रही सहायता और इन सभी क्षेत्रों में स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए उठाए जा रहे कदमों के बारे में जानकारी साझा की। केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी वार्ता में भाग लिया और उत्पाद शुल्क से संबंधित हाल के निर्णयों पर अद्यतन जानकारी प्रदान की।
अधिकारियों ने बताया कि पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध है और आपूर्ति श्रृंखलाएं सुचारू रूप से संचालित है। सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क घटाया है। सरकार ने वैश्विक अनिश्चितता के बीच देश की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा है। सरकार स्थिति की निरंतर निगरानी करेगी और प्रत्येक पखवाड़े इसकी समीक्षा करेगी। घरेलू रिफाइनरियों को निर्यातित पेट्रोल का 50 प्रतिशत और निर्यातित डीजल का 30 प्रतिशत घरेलू बाजार में आपूर्ति करने का आदेश दिया गया। भारत सरकार ने वाणिज्यिक एलपीजी के अतिरिक्त 20 प्रतिशत आवंटन को मंजूरी दी है, जिससे कुल आवंटन संकट-पूर्व स्तर के 70 प्रतिशत तक पहुंच गया है। इस परिप्रेक्ष्य में कल 110 भौगोलिक क्षेत्रों में 10,568 पीएनजी कनेक्शन (नए और गैस-इन) की सूचना दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि कालाबाजारी और जमाखोरी के विरुद्ध प्रवर्तन अभियान जारी है। भारत का समुद्री क्षेत्र सुचारू रूप से चल रहा है और बंदरगाहों पर कोई भीड़भाड़ नहीं है। विदेश मंत्री ने 26-27 मार्च 2026 को आयोजित जी-7 विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान भाग लेने वाले देशों के साथ इस संबंध में विचारों का आदान-प्रदान किया। सरकार खाड़ी और पश्चिम एशिया में स्थिति पर कड़ी नजर रख रही है।
बताया गया कि पश्चिम एशिया में जारी संकट का भारतीय अर्थव्यवस्था पर विशेष रूप से पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति में व्यवधान के कारण प्रभाव पड़ रहा है । संकट के बाद, अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में अत्यधिक उछाल आया है। पेट्रोल, डीजल और विमानन टरबाइन ईंधन (एटीएफ) की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में भी तेजी से वृद्धि हुई है।
विद्यमान बाजार स्थिति रिफाइनरियों को पेट्रोलियम उत्पादों को उच्च अंतरराष्ट्रीय कीमतों पर निर्यात करने के लिए प्रोत्साहन प्रदान करती है। सरकार ने स्थिति से निपटने के लिए सुनियोजित उपाय किए हैं। विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क (एसएईडी) और/या सड़क एवं अवसंरचना उपकर के रूप में निर्यात शुल्क लगाया गया है। ये शुल्क भारत में उत्पादित डीजल और विमानन टरबाइन ईंधन (एटीएफ) के निर्यात पर लगाए गए हैं।
इन उपायों का उद्देश्य डीजल और एटीएफ की घरेलू उपलब्धता को प्राथमिकता देना है। इन कदमों का उद्देश्य वैश्विक अनिश्चितता के बीच देश की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। आपूर्ति श्रृंखलाओं में व्यवधान और उपलब्धता एवं मूल्य दोनों के संदर्भ में अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अस्थिरता ने इन अनिश्चितताओं को और बढ़ा दिया है। निर्यात संबंधी उपायों के अलावा, घरेलू खपत के लिए पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में भी बदलाव किए गए हैं। इन बदलावों में पेट्रोल और डीजल दोनों पर लगने वाले घरेलू विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क में 10 रुपये प्रति लीटर की कमी शामिल है । इन कदमों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जारी संकट के दौरान उपभोक्ताओं के लिए पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों में कोई वृद्धि न हो। स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। विभाग समय-समय पर घटनाक्रम की समीक्षा करेगा और आवश्यकतानुसार आगे के कदम उठाएगा।
ऊर्जा आपूर्ति और ईंधन की उपलब्धता
होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने के संदर्भ में पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उठाए जा रहे कदमों पर प्रकाश डालते हुए, ईंधन आपूर्ति की वर्तमान स्थिति पर अद्यतन जानकारी साझा की गई। यह भी बताया गया कि सभी रिफाइनरियां पर्याप्त कच्चे तेल के भंडार के साथ उच्च क्षमता पर काम कर रही हैं, और पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखा जा रहा है। घरेलू खपत को पूरा करने के लिए रिफाइनरियों से एलपीजी उत्पादन में 40 प्रतिशत की वृद्धि की गई है । देश भर में सभी खुदरा दुकानें सामान्य रूप से काम कर रही हैं। मध्य पूर्व संकट के कारण कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि को देखते हुए, भारत सरकार ने उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में 10 रुपये प्रति लीटर की कमी की है । सरकार ने घरेलू स्तर पर पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए डीजल के निर्यात पर 21.5 रुपये प्रति लीटर और विमानन टरबाइन ईंधन (एटीएफ) के निर्यात पर 29.5 रुपये प्रति लीटर का शुल्क भी लगाया है । सरकार ने घरेलू रिफाइनरियों को निर्यातित पेट्रोल का 50 प्रतिशत और निर्यातित डीजल का 30 प्रतिशत घरेलू बाजार में आपूर्ति करने का आदेश दिया है। कुछ क्षेत्रों में अफवाहों के चलते अफरा-तफरी देखी गई और दुकानों पर भीड़भाड़ रही। हालांकि, देश के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। सरकार ने जनता को अफवाहों पर विश्वास न करने की सलाह दोहराई है।
सीएनजी परिवहन को 100 प्रतिशत आपूर्ति की जा रही है
प्राथमिकता के आधार पर आवंटन जारी है, जिसमें घरेलू पीएनजी और सीएनजी परिवहन को 100 प्रतिशत आपूर्ति की जा रही है, जबकि ग्रिड से जुड़े औद्योगिक और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को आपूर्ति औसत खपत के लगभग 80 प्रतिशत पर बनाए रखी जा रही है।
सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) संस्थाओं को सलाह दी गई है कि वे रेस्तरां, होटल और कैंटीन जैसे वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों के लिए पीएनजी कनेक्शन को प्राथमिकता दें। आईजीएल, एमजीएल, गेल गैस और बीपीसीएल सहित सीजीडी कंपनियां घरेलू और वाणिज्यिक पीएनजी कनेक्शन के लिए प्रोत्साहन दे रही हैं। भारत सरकार ने राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय मंत्रालयों से सीजीडी नेटवर्क के विस्तार के लिए आवश्यक स्वीकृतियों में तेजी लाने का अनुरोध किया है। भारत सरकार ने दिनांक 18.03.2026 के पत्र के माध्यम से एलपीजी से पीएनजी में परिवर्तन से जुड़े राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों को वाणिज्यिक एलपीजी का अतिरिक्त 10 प्रतिशत आवंटन देने की पेशकश की है और सुधार कार्य कर रहे राज्यों के लिए अतिरिक्त आवंटन की सिफारिश की गई है। कई राज्यों ने पीएनजी में इस योजना को तेजी से लागू करने के लिए उपाय शुरू किए हैं, जिनमें उपयोग के अधिकार/रास्ते के अधिकार की अनुमतियों को सुव्यवस्थित करना, काम के घंटों को बढ़ाना और शुल्कों को युक्तिसंगत बनाना शामिल है। पेट्रोलियम और विस्फोटक सुरक्षा संगठन (पीईएसओ) ने अपने कार्यालयों को सीजीडी आवेदनों का 10 दिनों के भीतर प्राथमिकता के आधार पर निपटान करने की सलाह दी है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) ने अपने दिनांक 23.03.2026 के आदेश के माध्यम से सीजीडी संस्थाओं को निर्देश दिया है कि वे आवासीय स्कूलों, कॉलेजों, छात्रावासों, सामुदायिक रसोई और आंगनवाड़ी रसोई के लिए पीएनजी कनेक्शन को पांच दिनों के भीतर प्राथमिकता दें, जहां भी संभव हो। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने तीन महीने की अवधि के लिए सीजीडी बुनियादी ढांचे के लिए कम समयसीमा के साथ त्वरित अनुमोदन ढांचा अपनाया है। भारत सरकार ने 24.03.2026 के राजपत्र के माध्यम से प्राकृतिक गैस और पेट्रोलियम उत्पाद वितरण आदेश, 2026 को अधिसूचित किया है, जिसमें पाइपलाइन अवसंरचना के विस्तार और अंतिम-मील कनेक्टिविटी को बढ़ाने के लिए एक सुव्यवस्थित और समयबद्ध ढांचा प्रदान किया गया है। सीजीडी संस्थाओं ने पिछले दिन 110 भौगोलिक क्षेत्रों में 10,568 पीएनजी कनेक्शन (नए और गैस-इन) की सूचना दी।
एलपीजी वितरकों से किसी कमी की कोई सूचना नहीं आई है
अधिकारियों ने बताया कि व्याप्त भू-राजनीतिक स्थिति के कारण एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित हो रही है, लेकिन एलपीजी वितरकों से किसी कमी की कोई सूचना सामने नहीं आई है। घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की डिलीवरी सामान्य रूप से जारी है। सरकार ने पहले ही उपभोक्ताओं को आंशिक वाणिज्यिक एलपीजी आपूर्ति (20 प्रतिशत) बहाल कर दी थी, जिसमें पीएनजी सुधारों से जुड़ा अतिरिक्त 10 प्रतिशत आवंटन शामिल था। भारत सरकार ने दिनांक 21.03.2026 के पत्र के माध्यम से 20 प्रतिशत अतिरिक्त आवंटन की अनुमति दी है, जिससे कुल आवंटन 50 प्रतिशत हो गया है, जिसमें रेस्तरां, ढाबे, होटल, औद्योगिक कैंटीन, खाद्य प्रसंस्करण/डेयरी, राज्य सरकार या स्थानीय निकायों द्वारा संचालित रियायती कैंटीन/आउटलेट, सामुदायिक रसोई, प्रवासी श्रमिकों के लिए 5 किलो एफटीएल जैसे प्रमुख क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है। भारत सरकार ने दिनांक 27.03.2026 के पत्र के माध्यम से वाणिज्यिक एलपीजी के लिए अतिरिक्त 20 प्रतिशत आवंटन को मंजूरी दी है, जिससे कुल आवंटन संकट-पूर्व स्तर के 70 प्रतिशत तक पहुंच गया है । इसमें इस्पात, ऑटोमोबाइल, वस्त्र, रंगाई, रसायन और प्लास्टिक उद्योगों को प्राथमिकता दी जाएगी। इनमें से प्रोसेस उद्योगों या उन उद्योगों को प्राथमिकता दी जाएगी जिन्हें विशेष हिटिंग उद्देश्यों के लिए एलपीजी की आवश्यकता होती है और जिनका विकल्प प्राकृतिक गैस नहीं है। पिछले दिन 5 किलोग्राम के 40,000 से अधिक फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर बेचे गए। 28 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों ने गैर-घरेलू एलपीजी के लिए आवंटन आदेश जारी किए हैं, जबकि शेष क्षेत्रों में सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां आपूर्ति कर रही हैं। 14 मार्च 2026 से अब तक लगभग 29,656 मीट्रिक टन वाणिज्यिक एलपीजी की आपूर्ति की जा चुकी है।