Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 धोखाधड़ी के बाद ग्राहक को मुआवजा दिलाने व घटनाओं को रोकने में मिलेगी मदद
मुंबई/नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक यानी आरबीआई ने डिजिटल बैंकिंग से जुड़े लेनदेन को पहले से ज्यादा सुरक्षित बनाने के लिए नए प्रस्ताव पेश किए हैं। इनका मकसद केवल धोखाधड़ी होने के बाद ग्राहक को मुआवजा दिलाना नहीं, बल्कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पहले से ही जरूरी इंतजाम करना है। 

आज के समय में मोबाइल से पैसे भेजना, ऑनलाइन खरीदारी करना और बैंकिंग से जुड़े काम ऑनलाइन निपटाना काफी आसान हो गया है लेकिन इस सुविधा के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी का खतरा भी बढ़ा है। इसी बीच अब भारतीय रिजर्व बैंक यानी आरबीआई ने डिजिटल बैंकिंग से जुड़े लेनदेन को पहले से ज्यादा सुरक्षित बनाने के लिए नए प्रस्ताव पेश किए हैं। इनका मकसद केवल धोखाधड़ी होने के बाद ग्राहक को मुआवजा दिलाना नहीं, बल्कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पहले से ही जरूरी इंतजाम करना है। अगर यह प्रस्ताव लागू होते हैं, तो बैंक ग्राहकों को डिजिटल पेमेंट के इस्तेमाल पर ज्यादा नियंत्रण मिल सकता है। 

डिजिटल पेमेंट पर ग्राहकों का बढ़ सकता है नियंत्रण
आरबीआई ने 23 नवंबर को इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग लेनदेन (ईबीटी) से जुड़े नियमों में बदलाव का ड्राफ्ट जारी किया है। इसमें ग्राहकों को यह तय करने की ज्यादा आजादी देने का प्रस्ताव है कि वह डिजिटल पेमेंट के अलग-अलग माध्यमों का इस्तेमाल किस तरह और कितनी सीमा तक करना चाहते हैं। इसका सीधा मतलब है कि ग्राहक अपने डिजिटल बैंकिंग इस्तेमाल पर ज्यादा नियंत्रण रख सकेंगे। इससे अनधिकृत लेनदेन यानी बिना अनुमति खाते से पैसे निकालने की घटनाओं का खतरा कम करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, ग्राहक को कौन-कौन सी सुविधाएं मिलेंगी और उनका इस्तेमाल कैसे किया जा सकेगा, इसकी पूरी जानकारी अंतिम नियम जारी होने के बाद ही सामने आएगी।

बैंक की लापरवाही पर सख्त हो सकता है आरबीआई
इस प्रस्ताव में एक और अहम बदलाव बैंक की जिम्मेदारी से जुड़ा है। आरबीआई ने बैंक की लापरवाही की परिभाषा को और व्यापक बनाने का सुझाव दिया है। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि अगर बैंक अपनी जिम्मेदारी निभाने में चूक करता है या जरूरी सुरक्षा उपायों का पालन नहीं करता, तो उसे जवाबदेह ठहराया जा सके। इससे ग्राहकों को उन मामलों में राहत मिलने की उम्मीद है, जहां बैंक की गलती या लापरवाही के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। 
बता दें कि आरबीआई ने 24 जून 2026 को भी धोखाधड़ी वाले इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग लेनदेन में ग्राहकों की जिम्मेदारी और नुकसान की भरपाई से जुड़े नियमों में बदलाव किया था। अब नए प्रस्ताव के जरिए बैंकिंग व्यवस्था में धोखाधड़ी को रोकने पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है। 

किन बैंकों पर लागू होंगे आरबीआई के नए प्रस्ताव
आरबीआई के नए प्रस्तावों के दायरे में सात तरह के बैंक शामिल हैं। इनमें सरकारी और निजी वाणिज्यिक बैंक, स्मॉल फाइनेंस बैंक, पेमेंट बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक, लोकल एरिया बैंक, शहरी सहकारी बैंक और ग्रामीण सहकारी बैंक शामिल हैं। ऐसे में इन बदलावों का असर देश के अलग-अलग तरह के बैंक ग्राहकों पर पड़ सकता है।