Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 कहा- मंदिर ट्रस्ट ने रोका; कोर्ट के आदेश के बावजूद स्तंभ पर नहीं जला दीप
मदुरै/नई दिल्ली। तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर दीप जलाने के विवाद को लेकर राज्य सरकार ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में माफी मांगी। मदुरै कलेक्टर ने कोर्ट में दाखिल हलफनामे में बताया कि सरकार ने दीपथून यानी पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाने की पूरी कोशिश की लेकिन देवस्थानम यानी मंदिर प्रशासन ने उसे रोका।

सरकार के मुताबिक, मंदिर प्रशासन का कहना था कि दीपथून पर दीप जलाना स्थापित परंपराओं और धार्मिक रीति-रिवाजों के खिलाफ है। इसलिए दीप केवल उचि पिल्लैयार मंदिर के पास पारंपरिक स्थान पर जलाया गया। 20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि कार्तिक पूर्णिमा यानी 24 नवंबर को दीपथून पर दीप जलाया जाएगा। याचिकाकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं किया और जानबूझकर उसे टालने की कोशिश की। याचिकाकर्ता राम रविकुमार की ओर से पेश वकीलों ने अधिकारियों के खिलाफ अवमानना कार्रवाई की मांग की। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वे औपचारिक याचिका दाखिल करें, इसके बाद कोर्ट उचित आदेश देगा।

भाजपा और हिंदू संगठनों के करीब 300 सदस्यों के खिलाफ केस
कार्तिगई दीपम विवाद के बीच मंगलवार को भाजपा और हिंदू संगठनों ने राज्य भर में प्रदर्शन किया। इस दौरान करीब 300 सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। रामनाथपुरम में हिंदू फ्रंट के सदस्यों ने सड़क जाम कर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने सड़क जाम करने वालों को हिरासत में लिया। पोल्लाची में हिंदू मुन्नानी के सदस्यों ने भी प्रदर्शन किया।

पहाड़ी पर लगातार दूसरे दिन आम लोगों की एंट्री बंद
विवाद के बाद बुधवार को लगातार दूसरे दिन श्रद्धालुओं और आम लोगों को तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर जाने से रोका गया। पलानी अंडावर मंदिर के प्रवेश द्वार के पास भारी पुलिस बल तैनात रहा। पहाड़ी की ओर जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग की गई। स्थानीय लोगों को भी जांच के बाद ही जाने दिया गया। पहाड़ी पर सुरक्षा व्यवस्था 23 नवंबर की शाम 6 बजे से लागू है। सुप्रीम कोर्ट ने दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति देते हुए आम लोगों, जुलूस और भीड़ को वहां जाने से रोकने का निर्देश दिया था। यह व्यवस्था कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई थी।

सुप्रीम कोर्ट ने सिर्फ एक बार दीप जलाने की इजाजत दी थी
तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर दीपथून यानी पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाने को लेकर अरुलमिगु सुब्रमणिया स्वामी मंदिर और सिकंदर बदूशा दरगाह के बीच लंबे समय से विवाद है। मंदिर पहाड़ी के नीचे स्थित है, जबकि दरगाह और दीपथून पहाड़ी पर हैं। हिंदू संगठन दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने की मांग करते रहे हैं। वहीं, दरगाह के पास होने के कारण इस मांग का विरोध होता रहा है। पुराने अदालती रिकॉर्ड के मुताबिक, 1862 और 1912 में भी दीपथून पर दीप जलाने की कोशिश हुई थी। दोनों बार अधिकारियों ने इसकी अनुमति नहीं दी। सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को इस साल 24 नवंबर को दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने की एक बार की अनुमति दी थी। कोर्ट ने कहा था कि मंदिर प्रशासन की टीम अधिकारियों की निगरानी में दीप जलाएगी। आम लोगों को वहां जाने की अनुमति नहीं होगी। कोर्ट ने यह भी साफ किया था कि यह अनुमति केवल इस साल के लिए है। इससे भविष्य में दीप जलाने का कोई परंपरागत या कानूनी अधिकार स्थापित नहीं होगा।

मंदिर और दरगाह के बीच जमीन और धार्मिक अधिकार का विवाद
0 तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर विवाद सिर्फ दीप जलाने की जगह तक सीमित नहीं है। इसके पीछे पहाड़ी के मालिकाना हक और धार्मिक अधिकारों का पुराना मामला भी है।
0 1923 में एक सब-कोर्ट ने पहाड़ी का मालिकाना हक मंदिर को दिया था। हालांकि, दरगाह की जगह, वहां तक जाने वाली सीढ़ियों और नेल्लीथोपे इलाके पर मुस्लिम समुदाय के अधिकार को भी माना गया था।
0 1926 में मद्रास हाईकोर्ट ने इस फैसले को पलट दिया। इसके बाद 1931 में लंदन की प्रिवी काउंसिल ने मंदिर की अपील पर 1923 के फैसले को बहाल कर दिया। इसमें पहाड़ी मंदिर के अधिकार में मानी गई, जबकि दरगाह और वहां तक जाने के रास्ते के अधिकार सुरक्षित रखे गए।
0 1996 में मद्रास हाईकोर्ट ने मंदिर प्रशासन को पारंपरिक जगह के अलावा पहाड़ी पर किसी दूसरी जगह दीप जलाने पर विचार करने की अनुमति दी थी। इसके लिए धार्मिक विभाग की मंजूरी और दरगाह से तय दूरी की शर्त रखी गई थी।

tranding