0 मोदी कैबिनेट ने इंफ्रास्ट्रक्चर, मैन्युफैक्चरिंग और डाक सेवाओं को मजबूत करने के लिए पांच बड़े फैसले लिए गए
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में बुधवार को देश के इंफ्रास्ट्रक्चर, मैन्युफैक्चरिंग और डाक सेवाओं को मजबूत करने के लिए पांच बड़े फैसले लिए गए। सरकार इन योजनाओं पर कुल 19,934 करोड़ खर्च करेगी। इन फैसलों में जहां असम के सिलचर में नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने को मंजूरी दी गई है, वहीं तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट पर दूसरा कंटेनर टर्मिनल भी विकसित किया जाएगा। इसके अलावा निर्माण और बुनियादी ढांचे से जुड़े उपकरणों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 11,000 करोड़ की योजना को मंजूरी मिली है।
निर्माण उपकरणों के उत्पादन के लिए 11000 करोड़ की योजना
कैबिनेट ने देश में कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर इक्विपमेंट (सीआईई) यानी निर्माण और बुनियादी ढांचे से जुड़े उपकरणों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 11,000 करोड़ की योजना को मंजूरी दी है। यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 से 2033-34 तक आठ साल के लिए लागू होगी। प्रेस ब्रीफिंग में सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि भारत का सीआईई उद्योग दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा उद्योग है। वित्त वर्ष 2024-25 में इसका बाजार करीब 97,000 करोड़ का था। हालांकि, इस क्षेत्र की लगभग 45 फीसदी जरूरतें आयात से पूरी होती हैं। ऐसे में सरकार का लक्ष्य देश में ही आधुनिक उपकरणों के निर्माण की क्षमता विकसित करना और आयात पर निर्भरता कम करना है। इस योजना के तहत सात तरह के उपकरणों के घरेलू उत्पादन पर खास ध्यान दिया जाएगा। इनमें टनल बोरिंग मशीन, ऑफ-हाईवे ट्रक, एक्सकेवेटर, क्रेन, लोडर, पाइलिंग रिग और ड्रिलिंग मशीन शामिल हैं। इन उपकरणों का इस्तेमाल सड़क, सुरंग, पुल और अन्य बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट में होता है।
कामराजार पोर्ट पर बनेगा दूसरा कंटेनर टर्मिनल
कैबिनेट ने तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट लिमिटेड (केपीएल) में दूसरे कंटेनर टर्मिनल के विकास को भी मंजूरी दी है। इस परियोजना पर करीब 4,288 करोड़ खर्च किए जाएंगे। इसे पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत डीबीएफओटी यानी डिजाइन, निर्माण, वित्तपोषण, संचालन और हस्तांतरण के आधार पर विकसित किया जाएगा। इस टर्मिनल को 111 एकड़ जमीन पर बनाया जाएगा। इसकी सालाना क्षमता 20 लाख टीईयू (ट्वेंटी-फुट इक्विवेलेंट यूनिट) होगी। टर्मिनल का बर्थ 900 मीटर लंबा और 30 मीटर चौड़ा होगा। यहां 24,346 टीईयू तक क्षमता वाले और 400 मीटर तक लंबे बड़े कंटेनर जहाजों को संभाला जा सकेगा। परियोजना की रियायत अवधि 40 साल तय की गई है। इससे बंदरगाह की कंटेनर हैंडलिंग क्षमता बढ़ाने और समुद्री व्यापार को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
असम के सिलचर में बनेगा नया एयरपोर्ट
कैबिनेट ने असम के सिलचर में डोलू इलाके में नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इस परियोजना पर 2,014 करोड़ खर्च होंगे। इसका पूरा खर्च एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) अपने आंतरिक संसाधनों से उठाएगी। नए एयरपोर्ट में व्यस्त समय के दौरान एक घंटे में 800 यात्रियों को संभालने की क्षमता होगी। इसमें 400 यात्री आने और 400 यात्री जाने की क्षमता शामिल है। इसकी सालाना यात्री क्षमता 10.1 लाख होगी। फिलहाल सिलचर का मौजूदा एयरपोर्ट भारतीय वायुसेना के स्वामित्व में है, जहां एएआई करीब 70 एकड़ क्षेत्र में सिविल एन्क्लेव संचालित करती है। जगह की कमी के कारण मौजूदा एयरपोर्ट का विस्तार करना मुश्किल है। नया एयरपोर्ट बनने से बराक वैली और पूर्वोत्तर के आसपास के इलाकों की हवाई कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। इससे पर्यटन और क्षेत्रीय कारोबार को भी बढ़ावा मिल सकता है।
डाकघरों के आधुनिकीकरण पर 1,141 करोड़ खर्च
सरकार ने अगले पांच साल में डाकघरों के आधुनिकीकरण के लिए 1,141 करोड़ मंजूर किए हैं। इस रकम का इस्तेमाल ग्रामीण डाकघरों को बेहतर बनाने, मेल और पार्सल पहुंचाने वाली लॉजिस्टिक्स व्यवस्था मजबूत करने और सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने में किया जाएगा। इस योजना के तहत डाक विभाग के नेटवर्क को आधुनिक बनाने के साथ-साथ डाक और पार्सल सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर रहेगा। इससे ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है।
डाक विभाग की इमारतों और स्टाफ क्वार्टर का होगा नवीनीकरण
कैबिनेट ने डाक विभाग की एस्टेट मैनेजमेंट स्कीम को भी जारी रखने की मंजूरी दी है। इस योजना पर वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक पांच साल में 1,491 करोड़ खर्च किए जाएंगे। इसके तहत नए डाकघर बनाने, पुराने डाकघरों का नवीनीकरण करने और सभी डाकघरों को एक जैसी ब्रांडिंग देने का काम किया जाएगा। इसके अलावा कर्मचारियों के आवासों की मरम्मत और विभाग की ऐतिहासिक इमारतों के संरक्षण पर भी पैसा खर्च होगा। सरकार का मानना है कि आधुनिक डाकघर पार्सल बुकिंग, आखिरी छोर तक डिलीवरी, वित्तीय समावेशन और नागरिकों को सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएंगे। यह योजना डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लक्ष्यों के अनुरूप है।
पांच फैसलों पर कुल 19,934 करोड़ का निवेश
मोदी कैबिनेट के इन पांच फैसलों के तहत सरकार कुल 19,934 करोड़ खर्च करेगी। इसमें सबसे बड़ा हिस्सा निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर उपकरणों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने वाली योजना के लिए रखा गया है। वहीं, एयरपोर्ट, पोर्ट और डाक सेवाओं से जुड़े निवेश के जरिए कनेक्टिविटी, व्यापार और सार्वजनिक सेवाओं को मजबूत करने की कोशिश की जाएगी।